उमा भारती ने फिर उठाए नई शराब नीति पर सवाल, शिवराज को दी नसीहत
भोपाल। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने गुरुवार को एक बार फिर शराबबंदी के अपने अभियान के तहत राज्य की शराब नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने शिवराज को नसीहत देते हुए कहा कि इससे महिलाएं भौंचक्की हैं क्योंकि वे पार्टी से ऐसे निर्णय की अपेक्षा नहीं रखतीं।
उमा भारती ने अपने ट्वीट में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई ने भी खुलेआम नई शराब नीति का विरोध किया है। शराब एवं नशा राजनीतिक नहीं, सामाजिक विषय हैं। ऐसे विषय पर फैसले लेते समय सामाजिक परामर्श बहुत जरूरी है।
1. मैं अभी दिल्ली में हूं, एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र से जानकारी हुई कि मेरे भाई जबलपुर की पाटन विधानसभा से विधायक श्री अजय विश्नोई जी ने भी खुलेआम नई शराब नीति का विरोध किया है।
— Uma Bharti (@umasribharti) April 21, 2022
उन्होंने इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि कृषि कानून के मामले में मोदी ने बड़प्पन दिखाया और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कानून वापस लिए। ये उनके बड़प्पन एवं महानता की जीत थी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनकी मुलाकात के समय उन्होंने उनसे आग्रह किया कि क्रमिक शराबबंदी से पूर्ण शराबबंदी की ओर बढ़ना चाहिए। शराब पीकर गाड़ी चलाना या सड़क पर पैदल चलना, दंडनीय अपराध हो। इतने कदम सरकार उठाए, फिर हम समीक्षा करते हुए धीरे-धीरे शराबबंदी की ओर बढ़ें।
शराब नीति के प्रावधानों का संदर्भ देते हुए सुश्री भारती ने कहा कि घर में 11 बोतल ले जाने की अनुमति एवं एक के बदले में एक मुफ्त बोतल दिए जाने की नीति से तो घर, गली, मोहल्ला, शराब से सराबोर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वह इस विषय पर आवश्यक परामर्श करके कोई निर्णय लेंगे।6. शराब पीकर गाड़ी चलाना या सड़क पर पैदल चलना, दंडनीय अपराध हो। इतने कदम सरकार उठाए, फिर हम समीक्षा करते हुए धीरे-धीरे शराबबंदी की ओर बढ़ें ।
— Uma Bharti (@umasribharti) April 21, 2022
