• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. पर्यटन
  4. »
  5. मध्यप्रदेश
  6. टूरिस्ट गाइड की कमी से विदेशी पर्यटक परेशान
Written By ND

टूरिस्ट गाइड की कमी से विदेशी पर्यटक परेशान

ओरछा में नहीं मिल पा रहे हैं गाइड

विदेशी पर्यटक
ND

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल और रामराजा की नगरी ओरछा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारत से ही नहीं, बल्कि विदेशी सैलानी भी पहुंचते हैं। यहां पहुंचने वाले विदेशी सैलानियों को गाइड नहीं मिल पा रहे हैं, लिहाजा अब वे यहां आने से किनारा करने लगे हैं।

पर्यटन के मामले में मप्र को विश्व पटल पर नया आयाम देने की तैयारी में जुटा मप्र पर्यटन विकास निगम ओरछा में विदेशी सैलानियों को गाइड तक उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। ज्ञात हो कि ओरछा में रोजाना सौ-सवा सौ विदेशी सैलानी आते हैं।

मप्र पर्यटन विकास निगम, भोपाल से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ओरछा में 40 गाइड पंजीकृत हैं, जबकि ओरछा में महज 10 गाइड ही उपलब्ध हैं। बताया जाता है कि बाकी गाइड अन्य काम पर चले गए हैं। चूंकि यहां पहुंचने वाले विदेशी पर्यटक बिना गाइड के नहीं घूम पाते, दस गाइड ही होने के कारण उन्हें लंबा इंतजार करना होता है।

इसके बाद भी यदि गाइड मिल भी जाता है तो वह कम से कम समय में उन्हें घुमा-फिराकर छोड़ देता है, ताकि अन्य पर्यटकों को भ्रमण करवा सके। विदेशी सैलानियों को गाइड मिल भी रहे हैं तो वह उन्हें पूरा वक्त नहीं दे पा रहे हैं। यह समस्या अकेले ओरछा की ही नहीं है, बल्कि अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी विदेशियों को ऐसी ही परेशानी से दो-चार होना पड़ता है।

ओरछा नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रमोद तिवारी का कहना है कि मैंने मप्र पर्यटन विकास निगम को पिछले दिनों ही इस संबंध में पत्र लिखकर सूचित किया है।

मप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. मोहन यादव के अनुसार कुछ दिन पहले ही हमें ओरछा में गाइड कम होने की जानकारी मिली है। वैसे वहां निगम की ओर से 40 गाइड पंजीकृत किए गए हैं, यदि गाइड कहीं ओर चले गए हैं तो जल्द ही वहां नए गाइड नियुक्त किए जाएंगे।

ओरछा के ट्रैवल ब्यूरो मैनेजर संजीव दुबे ने बताया कि गाइड की कमी की समस्या के बारे में वह पर्यटन विकास निगम को कई बार सूचित कर चुके हैं। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।