• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
Written By ND

मोदी को भारी पड़ सकता है बुलडोजर

नरेंद्र मोदी
-धीरज कनोजिया
एक ओर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का वादा और दूसरी ओर गुजरात में 300 से ज्यादा मंदिर तोड़ने का रिकॉर्ड- गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के पीएम इन वेटिंग लालकृष्ण आडवाणी को कहीं भारी न पड़ जाए। कांग्रेस इस मुद्दे के दम पर मोदी को पटखनी देने में जुटी हुई है। कई हिन्दूवादी संगठन भी इसका समर्थन कर रहे हैं।

गुजरात के प्रभारी कांग्रेस महासचिव बीके हरिप्रसाद ने 'नईदुनिया' से कहा कि भाजपा हिन्दुत्व का इस्तेमाल सिर्फ अपनी राजनीति को चमकाने के लिए करती है और आस्था से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

पिछले साल अक्टूबर और नवंबर के बीच गुजरात सरकार ने लगभग 300 से ज्यादा छोटे और बड़े मंदिरों पर बुलडोजर चला दिया। ये मंदिर सार्वजनिक भूमि पर बने हुए थे।

हजारों लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन राज्य सरकार ने बुलडोजर अभियान को रोकने से इंकार कर दिया। कांग्रेस ने इन मंदिरों की तोड़फोड़ से जुड़ी सीडी भी राज्यभर में बाँटनी शुरू कर दी है।

सीडी में सरकारी बुलडोजर द्वारा मंदिरों को कुचलते हुए दिखाया गया है, वहीं इसका विरोध करने वाले लोगों पर पुलिस द्वारा क्रूरता से लाठियाँ भाँजते हुए भी दिखाया गया है। साथ ही बड़ी संख्या में घायल महिलाओं और बच्चों को भी दिखाया गया है।