• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Priyanka Gandhi's rallies demand in Madhya Pradesh

मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी की रैलियों की भारी मांग

मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी की रैलियों की भारी मांग - Priyanka Gandhi's rallies demand in Madhya Pradesh
भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए मध्यप्रदेश में इंदौर सीट को छोड़कर कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। उम्मीदवारों के नामों के ऐलान के बाद अब कांग्रेस चुनाव प्रचार में जुट गई है। पार्टी के अधिकांश उम्मीदवार पार्टी की स्टार प्रचारक और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा या रोड शो अपने-अपने क्षेत्र में कराने की मांग कर रहे हैं।
 
प्रचार अभियान की पूरी कमान मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने संभाल रखी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं, वहीं पार्टी के अधिकांश उम्मीदवार पार्टी की स्टार प्रचारक और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा या रोड शो अपने-अपने क्षेत्र में कराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं।
पार्टी के उम्मीदवार इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि इस वक्त प्रियंका गांधी ही कांग्रेस का ऐसा चेहरा हैं, जिनकी रैली या रोड शो बहुत हद तक उनकी राह आसान कर सकते हैं। इसके लिए कई प्रत्याशियों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी से अपने क्षेत्र में राहुल और प्रियंका की रैली कराने की मांग की है। 
 
इस बार लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में पार्टी के सभी नेता और स्टार प्रचारक जैसे दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अजय सिंह, विवेक तनखा खुद भी चुनावी मैदान में हैं। 
 
ऐसे में पार्टी के ये स्टार प्रचारक जिन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में ताबड़तोड़ सभा कर उनकी जीत की राह आसान करने में काफी मदद की थी, वैसा ही समर्थन लोकसभा में पार्टी उम्मीदवार के लिए इस बार नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में पार्टी में स्टार प्रचारकों की मांग और बढ़ गई है।
 
एक ओर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अकेले ही चुनाव प्रचार का शंखनाद कर दिया, वहीं लोकसभा चुनाव के लिए पूरे प्रचार अभियान की कमान संभालने वाली कमेटी भी इसी कोशिश में है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी की अधिक से अधिक रैली और रोड शो हो सकें। ऐसे में जब भोपाल से पार्टी के सबसे बड़े चेहरे माने जाने वाले दिग्विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं तो यह लगभग तय है कि राहुल या प्रियंका भोपाल में एक बड़ी चुनावी रैली या रोड शो करेंगे।
ये भी पढ़ें
भाजपा उम्मीदवार अर्जुनराम मेघवाल के ‍लिए अपने ही बढ़ा रहे हैं मुश्किल