भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर पाकिस्तान में बवाल, ICC की चेतावनी, क्या होगी सख्त कार्रवाई?
T20 World Cup Row: टी20 विश्व कप शुरू होने से ठीक पहले पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार संबंधी फैसले पर बवाल मच गया। कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने इस फैसले का विरोध किया है। आईसीसी ने भी पाकिस्तान के इस फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हुई है कि क्रिकेट यह सर्वोच्च संस्था पाकिस्तान के खिलाफ क्या एक्शन लेती है। ALSO READ: T20 World Cup में नहीं होगा भारत-पाक मैच, Pakistan ने किया खेलने से इंकार
पाकिस्तान ने ऐलान किया है कि वह भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप में होने वाला मैच नहीं खेलेगा। यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला था। पीसीबी के साथ बैठक के बाद पाकिस्तान सरकार ने यह फैसला लिया। हालांकि बासित अली समेत कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है।
पाकिस्तान सरकार ने यह फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाने के बाद लिया। बांग्लादेश सरकार ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंता जताई थी।
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला वैश्विक क्रिकेट में सबसे अधिक कमाई वाला मैच बना हुआ है। इसी आकर्षण का लाभ उठाने के लिए ICC ने 2012 के बाद से हर बड़े टूर्नामेंट में दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखा है।
क्या बोला ICC
टी 20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार संबंधी पाकिस्तान के फैसले पर ICC ने सख्त नाराजगी जताई। ICC ने कहा कि पाकिस्तान सरकार का यह निर्णय वैश्विक क्रिकेट और फैन्स के हित में नहीं है और इसके दूरगामी नतीजे हो सकते हैं। आईसीसी ने यह भी कहा कि वह सरकारों की राष्ट्रीय नीतियों का सम्मान करता है, लेकिन इस तरह का कदम क्रिकेट के वैश्विक इकोसिस्टम को नुकसान पहुंचा सकता है।
क्या हो सकता है पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन
आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मिलने वाली करोड़ों रुपए की रेवेन्यू शेयरिंग राशि पर रोक लगा सकती है। PSL की आधिकारिक मान्यता भी रद्द की जा सकती है। आईसीसी विदेशी खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट के लिए NOC देने से रोक सकती है। पाकिस्तान को एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है। साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंकों में कटौती की जा सकती है। पाकिस्तान पर अन्य देशों के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने पर भी रोक लगाई जा सकती है।
edited by : Nrapendra Gupta

