ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने फिर दोहराया, 'मेरे लिए देश पहले IPL बाद में'
IPL में सनराईजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने स्पष्ट कहा है कि कम से कम अगले कुछ वर्षों तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट उनकी पहली प्राथमिकता होगी। यह बयान उस चर्चा के बीच आया है, जिसमें कहा जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के कुछ बड़े खिलाड़ी IPL से आगे बढ़कर अन्य फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने के लिए राष्ट्रीय टीम से दूरी बना सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान कमिंस पहले ही पाकिस्तान और बांग्लादेश के आगामी दौरों से बाहर रहने वाले हैं, क्योंकि उन्हें IPL Playoffs में हिस्सा लेना है। उन्हें अगस्त 2026 से अगस्त 2027 के बीच होने वाले 20 (संभवतः 21) टेस्ट मैचों से पहले आराम की भी ज़रूरत है। इसमें भारत में होने वाला बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी और इंग्लैंड में होने वाला एशेज भी शामिल है।
ऑस्ट्रेलिया के बड़े खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और बीबीएल दोनों के प्रति प्रतिबद्धता हाल के दिनों में चर्चा का विषय रही है। पांच वरिष्ठ खिलाड़ी इस महीने की शुरुआत में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती कॉन्ट्रैक्ट प्रस्तावों से खुश नहीं थे। कमिंस भी मार्च में चर्चा के केंद्र में आ गए थे, जब उन्होंने Buisness Of Sports Podcast पर खिलाड़ियों के बीच एक “तनाव का बिंदु” होने की बात कही थी।
यह तनाव अगस्त में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ दो टेस्ट खेलने और उसी समय द हंड्रेड में खेलकर लगभग 6.75 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (4.85 लाख अमेरिकी डॉलर) कमाने का मौक़ा छोड़ने को लेकर था। लेकिन मंगलवार को दिल्ली NCR में न्यू बैलेंस ग्रे डेज़ 2026 के कार्यक्रम और द न्यू रिटेल कॉन्सेप्ट स्टोर के उद्घाटन के दौरान कमिंस ने निकट भविष्य के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कमिंस ने कहा, “मेरे लिए कुछ नहीं बदला है। मेरी पहली प्राथमिकता ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट है, ख़ासकर टेस्ट क्रिकेट। टेस्ट कप्तान के तौर पर मैं कोई भी टेस्ट मिस नहीं करना चाहता और जितने ज़्यादा ऑस्ट्रेलियाई मैच खेल सकूं, उनके लिए खुद को उपलब्ध रखना चाहता हूं। आईपीएल अच्छी है क्योंकि यह आमतौर पर हमारी छुट्टियों के दौरान होती है, इसलिए यह एक स्वाभाविक विकल्प है। लेकिन मेरी मुख्य प्राथमिकताएं यही हैं और कम से कम अगले कुछ वर्षों तक मैं इसमें कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा हूं।”
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें