1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Devdutt Padikkal seventh consecutive half century, Karnataka in the final of Vijay Hazare Trophy.

देवदत्त पडिक्कल का लगातार सातवां अर्द्धशतक, कर्नाटक विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में

Devdutt Padikkal
Devdutt Padikkal Vijay Hazare Trophy : देवदत्त पडीक्कल और रविचंद्रन स्मरण (Smaran Ravichandran) के मुश्किल पिच पर स्पिनरों का डटकर सामना करने के बाद बनाए गए अर्धशतकों की मदद से कर्नाटक ने बुधवार को हरियाणा को 6 विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया।
 
हरियाणा के 238 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक की शुरूआत अच्छी नहीं रही जिसमें कप्तान और उसके सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) पहले ही ओवर में आउट हो गए।

लेकिन देवदत्त (86 रन, आठ चौके, एक छक्का) और स्मरण (76 रन, तीन चौके, तीन छक्के) ने तीसरे विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की जिससे कर्नाटक ने यह लक्ष्य 47.2 ओवर में पांच विकेट पर 238 रन बनाकर हासिल कर लिया।
 
अब चार बार की चैम्पियन कर्नाटक का सामना खिताब के लिए विदर्भ और महाराष्ट्र के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।


Devdutt Padikkal

 
अग्रवाल के आउट होने के बाद केवी अनीश (22 रन) ने पहला रन बनाने के लिए 14 गेंद का सामना किया और धीमी पिच पर सहज नहीं लगे।
 
लेकिन क्वार्टरफाइनल में बड़ौदा के खिलाफ 102 रन बनाने वाले देवदत्त और 21 वर्ष के स्मरण ने संयम से खेलकर अपने अर्धशतक पूरे किए।

इससे पहले कर्नाटक के गेंदबाजों ने हरियाणा को बैकफुट में रखा जिसमें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अभिलाश शेट्टी ने 34 रन देकर चार विकेट झटके जबकि लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल ने 36 रन देकर दो और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 40 रन देकर दो विकेट हासिल किये।

हिमांशु राणा (44 रन) और कप्तान अंकित कुमार (48 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद कोई साझेदारी नहीं बनी। बल्कि अंतिम विकेट के लिए अनुज ठकराल और अमित राणा की जोड़ी द्वारा बनाये 39 रन की बदौलत टीम नौ विकेट पर 237 रन का सममानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। (भाषा)
 
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
इंग्लैंड में खो खो को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है भारतीय समुदाय