1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Chennai Super Kings coordially part ways with Stephen Fleming

18 साल बाद चेन्नई सुपर किंग्स से विदा ली हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने

Stephen Fleming
न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने चेन्नई सुपर किंग्स से अपना 18 साल लंबा जुड़ाव बतौर मुख्य कोच आज आपसी सहमति से खत्म कर लिया। फ्लेमिंग और चेन्नई प्रबंधन के बीच कई दौर की बातचीत हुई और लगा कि फ्लेमिंग अगले साल भी कोच की भूमिका में दिखेंगे लेकिन दोनों तरफ ने आगे साथ ना जाने की इच्छा जताई।
इस फैसले की घोषणा करते हुए CSK की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने फ्रैचाइजी के लिए फ्लेमिंग के योगदान की तारीफ करते हुए कहा, “स्टीफन फ्लेमिंग इस फ्रैचाइजी के लगभग पूरे सफ़र के दौरान हमारी कोचिंग ईकाई की जान रहे हैं। लगभग दो दशकों से, उन्होंने हमारी पहचान, विजन और बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिश को आकार देने में मदद की है। सुपर किंग्स फ्रैचाइजी के सभी लोगों की ओर से, हम उनकी अटूट प्रतिबद्धता, जुनून और अगुवाई के लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं। भले ही मैदान पर हमारा साथ सफ़र खत्म हो रहा है, लेकिन वह हमेशा टीम की विरासत का एक अहम हिस्सा बने रहेंगे।”

फ्लेमिंग ने कहा, “खेल की दुनिया में अठारह साल एक पूरी ज़िंदगी के बराबर होते हैं, और मैं सिर्फ़ आभार के साथ जा रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे यादगार अनुभव रहा है। मुझे उन सभी चीज़ों पर गर्व है जो हमने हासिल की हैं। हमने साथ मिलकर यादगार जीत का जश्न मनाया, मुश्किल पलों का सामना किया और ऐसी यादें बनाईं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। CSK हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी, और मैं आने वाले सालों में भी टीम का हौसला बढ़ाता रहूंगा।” उल्लेखनीय है कि फ्लेमिंग सबसे पहले 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में एक खिलाड़ी के तौर पर सीएसके से जुड़े थे और अगले ही साल मुख्य कोच बन गए।

2009 से 2026 तक, महेंद्र सिंह धोनी के साथ मजबूत रिश्ता बनाने वाले फ्लेमिंग ने टीम को लगातार सफलता दिलाई। उनकी देखरेख में फ्रेंचाइजी ने पांच आईपीएल खिताब और दो चैंपियंस लीग टी-20 खिताब जीते। फ्लेमिंग के कार्यकाल में सीएसके ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार आईपीएल फाइनल के लिए क्वालिफ़ाई किया, जिससे टूर्नामेंट की सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक के तौर पर उनकी पहचान पक्की हुई।

सीएसके ने अपना आखिरी खिताब 2023 सीजन में जीता था, जबकि उससे पिछले साल वे नौवें स्थान पर रहे थे। 2024 सीज़न में वे पांचवें स्थान पर रहे और 2025 में सबसे नीचे रहे। इस साल की शुरुआत में भी उनका प्रदर्शन खराब रहा और वे आठवें स्थान पर रहे। इस बीच, फ्लेमिंग ने SA20 और MLC में भी सुपर किंग्स टीमों को कोचिंग दी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें