• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold, silver
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 17 फ़रवरी 2017 (17:38 IST)

सोना 150 रुपए चमका, चांदी 200 रुपए मजबूत

सोना 150 रुपए चमका, चांदी 200 रुपए मजबूत - Gold, silver
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में मामूली गिरावट के बावजूद जेवराती मांग  आने से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए चढ़कर 29,850 रुपए प्रति 10  ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक उठान बढ़ने से चांदी भी 200 रुपए की छलांग लगाकर 3  महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर 43,400 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। 
 
लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी कि अनुसार सोना हाजिर 0.70 डॉलर फिसलकर  1,237.30 डॉलर प्रति औंस के भाव बिका। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा 3.4 डॉलर टूटकर  1,238.20 डॉलर प्रति औंस रह गया।
 
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की प्रमुख जेनेट एलेन द्वारा अगले  महीने वहां ब्याज दरों में बढ़ोतरी के मजबूत संकेत देने से पीली धातु पर दबाव बना हुआ  है, हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में शुक्रवार को डॉलर के कमजोर पड़ने से  सोना हाजिर की गिरावट बेहद मामूली रही। 
 
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.02 डॉलर गिरकर 18.03 डॉलर प्रति औंस पर आ  गई। (वार्ता)