कॉन्फिकर होगा आज से और भी खतरनाक
वायरस के सॉफ्टवेयर में परिवर्तन
एक खतरनाक सॉफ्टवेयर प्रोग्राम जो अभी तक लाखों कंप्यूटरों को नुकसान पहुँचा चुका है आज से और भी खतरनाक हो सकता है। यह बड़ी ही खामोशी से आपके कंप्यूटर पर हमला करता है। इसका नाम है कॉन्फिकर वॉर्म।कॉन्फिकर वॉर्म के कोड का विश्लेषण करने वाले कंप्यूटर विशेषज्ञों का कहना है कि 1 अप्रैल से ये वायरस एक नए रूप में होगा जबकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह अपना असर दिखाएगा या निष्क्रिय बना रहेगा। करोड़ों डॉलर के बिजनेस भी इस वायरस के खतरे से आतंकित है।माना जाता है कि कॉन्फिकर पूरे विश्व में 20 लाख से 1 करोड़ 20 लाख कंप्यूटरों में है और इसमें प्रभावित कंप्यूटर को एक दास की तरह उपयोग करने की क्षमता है। यह रिमोट सर्वर द्वारा ऐसे कई दास कंप्यूटरों को नियंत्रित कर सकता है जिन्हें बोटनेट्स कहा जाता है। बोटनेट्स के जरिए आपकी कोई भी व्यक्तिगत या कॉर्पोरेट जानकारी चुराई जा सकती है।इसे हमले और जासूसी के लिए उपयोग किया जा सकता है और यह फाइलों को भी नष्ट कर सकता है। यह आपके इंटरनेट पतों से कनेक्ट करके आपके ईमेल भी फॉरवर्ड कर सकता है। यह वायरस एक बहुत ही शक्तिशाली सॉफ्टवेयर प्रोग्राम है जो माइक्रोसॉफ्ट के विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम की कमियों का फायदा उठाता है। कंप्यूटर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक इस वायरस में आज कई परिवर्तन किए जाएँगे जिससे ये संभवत: और भी खतरनाक बन सकता है।फरवरी में माइक्रोसॉफ्ट ने कॉन्फिकर बनाने वाले को पकड़वाने वाले व्यक्ति को 2 लाख 50 हजार डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है।