• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. USA, Blizzard, New York, Washington
Written By
Last Modified: रविवार, 24 जनवरी 2016 (18:42 IST)

अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान से जनजीवन ठप, 19 की मौत

अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान से जनजीवन ठप, 19 की मौत - USA, Blizzard, New York, Washington
न्यूयॉर्क/ वॉशिंगटन। अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान से राजधानी वॉशिंगटन, न्यूयॉर्क और अन्य उत्तर-पूर्वी शहरों में जनजीवन ठप पड़ गया है और कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। तूफान से अब तक 19 लोगों के मारे जाने की खबर है।
अमेरिका के 7वें सबसे घनी आबादी वाले शहर न्यूयॉर्क के इतिहास में यह दूसरा सबसे भयंकर तूफान है। वॉशिंगटन में वर्ष 1922 के बाद से रिकॉर्ड 28 इंच तक बर्फ गिरी है। इससे पहले वर्ष 2010 में 17.8 इंच तक हिमपात हुआ था।
 
अरकंसास, उत्तरी कैरोलिना, केंटुकी, ओहियो, टेनिसी और वर्जीनिया में मौसम के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई। बर्फ हटाने के दौरान मैरीलैंड में 1 और न्यूयॉर्क में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि वर्जीनिया में हाइपोथर्मिया से 2 लोग मारे गए।
वर्ष 2012 में भीषण तूफान सैंडी का सामने करने वाले न्यू जर्सी तट पर ऊंची लहरें उठ रही हैं। वॉशिंगटन में 2 फुट ऊंची बर्फ की चादर बिछाने के बाद यह तूफान 2 करोड़ लोगों की घनी आबादी वाले न्यूयॉर्क मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में पहुंच गया है। यहां 64 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गई हैं।
 
न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्योमो ने आपातकाल की घोषणा कर दी है। इससे पहले 10 राज्यों में भी आपातकाल घोषित कर दिया गया। राहत की बात यह है कि न्यूयॉर्क और लॉन्ग आइलैंड में यातायात पर लगाए गए प्रतिबंध रविवार सुबह 7 बजे खत्म कर दिए गए और साथ ही पुलों और सुरंगों को भी फिर से खोल दिया गया है।
 
तूफान के कारण रविवार को करीब 3,500 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 600 से ज्यादा उड़ानों को सोमवार के लिए भी रद्द कर दिया गया है। वॉशिंगटन में तूफान से जनजीवन ठप पड़ गया। अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस और प्रसिद्ध इमारतें बर्फ की चादर से ढक गई हैं। 
 
मध्य अटलांटिक शहर बाल्टीमोर और फिलाडेल्फिया में भी हिमपात हुआ। उत्तरी कैरोलिना में 1,50,000 लोग और न्यूजर्सी में 90,000 घरों में लोग बिना बिजली के रह रहे हैं। अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा के वैज्ञानिक पैट्रिक ओहारा ने बताया कि इस तूफान से समुद्र में 3 वर्ष पहले आए सैंडी तूफान से भी ऊंची लहरें उठ रही हैं।
 
न्यूजर्सी और डेलवरे में समुद्र का पानी सड़कों पर आ गया है। न्यूजर्सी तट पर रहने वाले लोगों को विस्थापित होना पड़ा। अटलांटिक शहर से 48 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 5,000 लोगों की आबादी वाले वाइल्डवुड शहर में बाढ़ आ गई है। 100 से ज्यादा लोगों को नौकाओं के जरिए घरों से बाहर निकाला गया है।
 
वाइल्डहुड में हालात बेहद खराब है। वहां पानी का स्तर सीने तक पहुंच गया है और सड़कों पर रेफ्रिजरेटर्स और सोडा मशीनें तैरती नजर आ रही हैं। (वार्ता)