ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के मेहमान बने मोदी
लंदन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने ब्रिटेन दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को महारानी एलिजाबेथ से मिलने उनके महल बकिंघम पैलेस पहुंचे। प्रधानमंत्री ने महारानी को तोहफे में पश्मीना शॉल भेंट की।
जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से मिलने बकिंघम पैलेस पहुंचे। महारानी ने खुद महल के मुख्य द्वार पर नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया। खास बात ये रही कि हमेशा दस्ताने पहनने वाली महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने बिना दस्ताने के ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हाथ मिलाया।
इसके बाद महारानी एलिजाबेथ द्वितीय प्रधानमंत्री मोदी को शाही संग्रहालय भी ले गईं और मोदी की मेहमाननवाजी में दोपहर का भोज भी दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाकाहारी हैं इसलिए लंच में शाकाहारी और गुजराती व्यंजनों का इंतजाम किया गया था। महारानी से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने इन्हें कई खास तोहफे भी दिए। पीएम ने महारानी को उनकी 54 साल पुरानी वे तस्वीरें दीं, जो उनके भारत दौरे से जुड़ी हुई थीं। ये तस्वीरें साल 1961 के जनवरी और फरवरी महीने में ली गईं थीं। जब महारानी एलिजाबेथ द्वितीय भारत के गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि थीं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को तोहफे में पश्मीना शॉल भी भेंट की। पीएम ने महारानी को दार्जीलिंग की मशहूर चाय और कश्मीर का ऑर्गेनिक शहद भी उपहार के तौर पर दिया।
महारानी के महल में मोदी के इस सम्मान को भारत और ब्रिटेन के बीच नजदीकी रिश्तों का संकेत माना जा रहा है। (भाषा)