ट्रंप ने 5 दिन के लिए टाला हमले का प्लान, तेल के दाम गिरे, ईरानी मीडिया ने कहा- जवाबी हमले से डरे
पश्चिम एशिया (West Asia) में जारी भीषण युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि 5 दिन के लिए पावर प्लांट पर हमले के प्लान को टाल दिया गया है। ट्रंप के इस बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 10 प्रतिशत की गिरावट आ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि 2 दिन से ईरान से अच्छी बातचीत चल रही है। हालांकि ट्रंप के ऐलान के बाद इजराइल की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बातचीत के बाद आगे का फैसला लेंगे।
ALSO READ: पश्चिम एशिया युद्ध के बीच PM मोदी ने क्यों की E20 पेट्रोल की तारीफ? तेल संकट से भारत को बचाने का बना 'कवच
ईरान ने कहा- पलटवार से डरे डोनाल्ड ट्रंप
ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के दावे को खारिज किया। ईरानी मीडिया के मुताबिक ईरान के जवाबी कार्रवाई से ट्रंप डर गए हैं। ट्रंप के साथ किसी भी तरह की कोई बातचीत नहीं चल रही है।
ट्रंप ने दी थी पावर प्लांट्स पर हमले की धमकी
ट्रम्प ने दो दिन पहले ईरान को धमकी दी थी कि अगर 48 घंटे में होर्मुज रूट नहीं खोला गया तो वो ईरान के पावर प्लांट पर बड़ा हमला करेंगे ट्रम्प ने ईरान के पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाले हमलों को फिलहाल टाल दिया है। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों से चली बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि रक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी सैन्य हमलों को 5 दिनों के लिए रोक दिया जाए। यह फैसला ईरान के साथ चल रही बातचीत के सकारात्मक रुख को देखते हुए लिया गया है और इस दौरान वार्ता आगे भी जारी रहेगी। ट्रम्प ने कहा कि अगर बातचीत सफल रहती है तो मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा सकता है।
ईरान ने सीजफायर के लिए रखीं 3 और शर्तें
ईरान ने सीजफायर के लिए 3 नई शर्तें रखीं हैं। ईरान के एक बड़े अधिकारी ने लेबनानी मीडिया से कहा कि उनका देश पहले से तय योजना के हिसाब से काम कर रहा है। ईरान ने ये तीन शर्तें रखीं- इलाके में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बंद किया जाए। होर्मुज स्ट्रेट के लिए नए नियम बनाए जाएं और ईरान के खिलाफ माने जाने वाले मीडिया से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जाए और उनका प्रत्यर्पण किया जाए।
Edited by : Sudhir Sharma