Donald Trump : क्या भारत है डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर, India-US Trade Deal का पूरा गणित, टैरिफ रिफंड करने का दबाव
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ को अवैध घोषित कर दिया है। इसके बाद से अमेरिकी राष्ट्रपति बेहद गुस्से में हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी देश सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का फायदा उठाकर अमेरिका के साथ 'खेल' खेलने की कोशिश करेगा, उसे और भी भारी टैरिफ का सामना करना पड़ेगा। हालांकि उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का निशाना सीधा भारत पर हो सकता है।
डेमोक्रेट सांसद की मांग
अमेरिका के उच्च सदन सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के तीन सांसद सरकार से लगभग 175 अरब अमेरिकी डॉलर के शुल्क की रिफंड (धनराशि वापस करना) प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं। ओरेगन के सीनेटर रॉन वाइडन, मैसाचुसेट्स के एड मार्की और न्यू हैम्पशायर की जीन शहीन ने सोमवार को एक विधेयक पेश किया। इस विधेयक के तहत अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन को 180 दिनों के भीतर रिफंड जारी करना होगा और लौटाई जाने वाली राशि पर ब्याज भी देना होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप की पोस्ट की टाइमिंग और शब्दों का चयन भारत की ओर इशारा करता है। ट्रंप की इस पोस्ट से कुछ ही घंटे पहले भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अपना अमेरिका दौरा स्थगित कर दिया था। यह दल इसी महीने घोषित हुए ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका जाने वाला था।
अधर में ट्रेड डील पर बातचीत
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि भारत इस समझौते से पीछे हटने पर विचार नहीं कर रहा है एक्सपर्ट्स के मुताबिक ट्रंप का निशाना स्पष्ट रूप से भारत है। ट्रंप ने शुरू में भारत पर 50% टैरिफ लगाया था। इसे बाद में घटाकर 18% कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप को डर है कि कई देश अपने व्यापार समझौतों पर फिर से विचार कर सकते हैं।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जो भी देश सुप्रीम कोर्ट के इस बेतुके फैसले की आड़ में खेल खेलने की कोशिश करेगा, उसे पहले से भी ज्यादा कड़े टैरिफ झेलने होंगे। जो देश दशकों से अमेरिका को धोखा दे रहे हैं, उन्हें विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है।
हर अमेरिकी को नागरिक को 2000 डॉलर देने का वादा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि टैरिफ से इतना पैसा आएगा कि टैक्स या तो खत्म हो जाएंगे या बहुत कम हो जाएंगे। ट्रंप ने अमेरिका के हर नागरिक को 2,000 डॉलर देने का वादा भी किया था। ट्रंप ने कहा था कि टैरिफ से अमेरिका का व्यापार घाटा खत्म हो जाएगा। साथ ही ये भी भरोसा दिलाया था कि अमेरिका फिर से अमीर बनेगा, लेकिन ट्रंप के सारे वादे झूठे निकले। अब अमेरिकी प्रशासन को राहत मिलना तो दूर, उल्टे ब्याज समेत टैरिफ का पैसा लौटाना पड़ेगा।
अब तक क्या- क्या हुआ
2 अप्रैल 2025 : अमेरिका ने भारत पर 26% रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया।
जुलाई में इसे घटाकर 25% किया गया।
अगस्त में रूस से तेल खरीद जारी रखने पर 25% अतिरिक्त पेनल्टी लगाई गई।
कुल असर : 50% तक टैरिफ।
फिर इस महीने अंतरिम ट्रेड डील के फ्रेमवर्क पर सहमति बनी। अमेरिका ने 25% रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 18% करने और 25% पेनल्टी हटाने की घोषणा की। लेकिन यह अभी लागू नहीं हुआ था। Edited by : Sudhir Sharma