• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Birds love
Written By

प्यार के लिए खाना त्याग देते हैं पक्षी

प्यार के लिए खाना त्याग देते हैं पक्षी - Birds love
लंदन। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एक नए अध्ययन के अनुसार जंगली पक्षी सर्दियों में अपने साथियों के करीब रहने के लिए भोजन की तलाश में नहीं जाते।
 
वैज्ञानिकों ने एक प्रयोग में पता लगाया कि पक्षी भोजन पर अपने रिश्ते को तरजीह देते हैं। प्रयोग के तहत पक्षियों की जोड़ियों को एक ही जगह पर भोजन की तलाश से रोका गया था।
 
इसका यह मतलब भी है कि पक्षी अपने साथियों के साथ काफी समय बिताते हैं। प्रयोग के नतीजे से जंगली पक्षियों में सामाजिक संबंधों के महत्व का भी पता चला।
 
अध्ययन का नेतृत्व करने वाले ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के जोश फर्थ ने कहा, 'खाना तलाशने से ज्यादा अपने साथी के करीब रहने को तरजीह देने से पता चलता है कि कैसे कोई एक पक्षी अल्पावधि में फैसले लेता है।'
 
उन्होंने कहा कि इसे पक्षियों के अपने महत्वपूर्ण संबंधों को बनाए रखने के लंबे समय में फायदे हासिल करने से भी जोड़ा जा सकता है।
 
फर्थ ने कहा कि उदाहरण के तौर पर पक्षियों को प्रजनन के लिए और अपने बच्चों की देखभाल के लिए साथी की जरूरत होती है। इसलिए जंगली जानवरों में भी किसी एक जानवर का व्यवहार सामाजिक रूप से जुड़े किसी दूसरे जानवर की जरूरतें समायोजित करने के लक्ष्य द्वारा नियंत्रित हो सकता है। (भाषा)