लॉर्ड पॉल ने अपने पुत्र को दी श्रद्धांजलि
लंदन। अप्रवासी भारतीय उद्योगपति लार्ड स्वराज पॉल ने अपने सबसे छोटे बेटे अंगद पॉल को रविवार को श्रद्धांजलि दी जिनकी कुछ दिन पहले मध्य लंदन स्थित उनके पैंटहाउस से गिरने के कारण मौत हो गई थी।
पॉल ने यहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कहा, ‘अंगद, तुम जहां कहीं भी हो, हम..तुम्हारा पूरा परिवार, तुम्हारे साथ है। हम तुम्हें कभी नहीं भूलेंगे।’ यह बात कहते समय उनका गला भर आया।
अंगद की याद में लंदन जू में हुए इस कार्यक्रम में ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त रंजन मथाई और उप उच्चायुक्त वीरेन्द्र पाल सहित सैकड़ों करीबी मित्र एवं परिवार के सदस्य मौजूद थे।
इस मौके पर ब्रिटेन में भारतीय विद्या भवन के कार्यकारी निदेशक डा. नंदकुमार ने वेद पाठ किया। उन्होंने भगवद्गीता के कुछ अंशों का भी पाठ किया। भगवद्गीता अंगद की प्रिय पुस्तकों में थी और इसकी एक प्रति वह हमेशा अपने पास रखते थे।
अंगद के बच्चों अंबालिका एवं अरकी ने भी अपने पिता के साथ जुड़ी यादों को साझा किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पॉल के साथ शनिवार हुई बैठक में अंगद के अचानक हुए निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की थी। इसके बाद मोदी जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तुर्की रवाना हो गए थे।
मोदी को सोमवार को जब यह दुखद समाचार मिला तो उन्होंने पॉल को फोन कर शोक व्यक्त किया था। वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और भारत एवं ब्रिटेन के कई राजनीतिक नेताओं ने भी उनसे बात कर शोक जताया था।
शुक्रवार को हुए अंतिम संस्कार में 1,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लेकर अंगद को अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दी थी। (भाषा)