सोनम की जमानत से सदमे में राजा रघुवंशी का परिवार, कहा, पैसों की ताकत के आगे हार गया न्याय, अब परिवार में सोनम का खौफ
इंदौर के बेहद चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को आखिरकार जमानत मिल गई। सोनम पिछले करीब 11 महीनों से शिलांग जेल में बंद थी। जब सोनम पर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप लगा था, तब सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी ने कहा था कि “हमारे लिए सोनम मर चुकी है।” लेकिन अब उसी पिता ने शिलांग जाकर 50 हजार रुपए के मुचलके पर उसकी जमानत कराई है। आखिर पिता का दिल कैसे बेटी पर पसीज गया।
वहीं दूसरी तरफ जमानत की खबर सुनकर मृतक राजा रघुवंशी का परिवार सन्न रह गया है। उनका कहना है कि साफ है कि उसी ने पति राजा की हत्या की है तो फिर जमानत कैसे मिल गई। राजा की मां उमा रघुवंशी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें इस फैसले पर यकीन ही नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड है। सोनम इंदौर आएगी तो पूछूंगी उसने मेरे बेटे को क्यों मारा। मां उमा ने कहा कि सोनम को जमानत मिलना पुलिस की लापरवाही का नतीजा है
क्या कहा राजा की मां ने : सोनम की जमानत से राजा का परिवार अवाक रह गया है। राजा की मां उमा ने कहा, अभी तक तो सुना था कि कानून अंधा होता है आज देखने को भी मिल गया। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की मांग करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की अपील की है। राजा रघुवंशी का परिवार अब जमानत रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाने की तैयारी कर रहा है।
पैसों की ताकत के आगे हार गया न्याय : राजा के भाई विपिन ने आरोप लगाया कि सोनम के परिवार, खासकर उसके भाई गोविंद का उसे पूरा समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि पैसों की ताकत के आगे हम अपने भाई को न्याय नहीं दिला पा रहे हैं। वे सोनम की जमानत रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट का रुख करेंगे और जरूरत पड़ी तो शिलांग भी जाएंगे। ऐसे में यदि सोनम वापस जेल जाती है तो भाई गोविंद इसका बदला ले सकता है।
विपिन ने आशंका भी जताई कि अगर अपील करने के लिए अगर वह शिलांग जाते है तो सोनम उन पर हमला करा सकती है। यदि मेरे साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसके लिए गोविंद जिम्मेदार होगा
क्या सोनम ही है मास्टरमाइंड : बता दें कि इस पूरे मामले में सोनम को हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। आरोप है कि उसने झरने के पास सीढ़ियों पर आरोपियों के साथ बैठक की और उन्हें 15 हजार रुपए दिए। इसके बाद बंद पार्किंग यार्ड में उसके कहने पर तीनों युवकों ने राजा पर हमला किया। राजा को खाई में फेंकने में भी सोनम ने मदद की। हमले से पहले उसके शरीर से चेन, अंगूठी और ब्रेसलेट भी निकलवाए गए थे। हत्या के बाद आरोपी करीब 11 किलोमीटर आगे जाकर सोनम से मिले थे।
प्रेमी राज की भूमिका सवालों के घेरे में : मामले में सोनम के कतिथ प्रेमी राज की भूमिका भी संदिग्ध है। हालांकि वह शिलांग नहीं गया था, लेकिन साजिश में शामिल बताया जा रहा है। आरोप है कि सोनम और राजा की शादी से पहले ही उसने हत्या की योजना बना ली थी। उसने अपने दोस्त विशाल को तैयार किया और फिर अन्य आरोपियों को साथ जोड़ा। सोनम की लोकेशन भी राज ही आरोपियों तक पहुंचाता था। हत्या के बाद उसने आरोपियों से मुलाकात की। वहीं, जब सोनम इंदौर आई तो उसे रोकने के लिए फ्लैट किराए पर लेने की भी बात सामने आई है।
हमला करवा सकती है सोनम : अब राजा का परिवार सोनम की जमानत खारिज करने के लिए याचिका लगाएगा। इसके साथ ही राजा के परिवार का यह भी कहना है कि अगर सोनम फिर से जेल जाती है तो वो उन पर हमला करवा सकती है। उन्होंने अपने साथ किसी तरह की अनहोनी की भी आशंका जाहिर की है। जबकि मां उमा ने कहा कि सोनम को जमानत मिलना पुलिस की लापरवाही का नतीजा है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
Edited By: Naveen R Rangiyal

