शुक्रवार, 31 जनवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. गुजरात
  4. In Gujarat a mob beat up a tribal woman and paraded her naked
Last Modified: दाहोद , शुक्रवार, 31 जनवरी 2025 (17:34 IST)

Gujarat : भीड़ ने की आदिवासी महिला की पिटाई, निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, 12 लोग गिरफ्तार

Gujarat : भीड़ ने की आदिवासी महिला की पिटाई, निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, 12 लोग गिरफ्तार - In Gujarat a mob beat up a tribal woman and paraded her naked
Dahod Gujarat Crime News : गुजरात के दाहोद जिले में विवाहेत्‍तर संबंधों के शक में 35 वर्षीय आदिवासी महिला की उसके ससुर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पिटाई की और उसे निर्वस्त्र कर घुमाया। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चार पुरुष, चार महिलाएं और चार नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों पर अपहरण, गलत तरीके से बंधक बनाने, महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने और हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
 
एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक राजदीप सिंह जाला ने बताया कि यह घटना 28 जनवरी को संजेली तालुका के एक गांव में हुई। उन्होंने बताया, 29 जनवरी को 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हमने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार पुरुष, चार महिलाएं और चार नाबालिग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर हमने महिला को बचाया, जिसे उसके ससुर ने घर के अंदर बंद कर दिया था। विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस घटना को लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों पर अपहरण, गलत तरीके से बंधक बनाने, महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने और हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि भीड़ में शामिल जिन लोगों ने इस कृत्य का वीडियो बनाया और उसे प्रसारित किया, उन पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता का गांव के ही एक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध था और वह घटना वाले दिन उससे मिलने गई थी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के ससुर बहादुर दामोर और उसके पति के भाई संजय दामोर कुछ महिलाओं सहित लोगों के एक समूह के साथ उस व्यक्ति के घर में घुसे और पीड़िता पर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, भीड़ ने महिला के कपड़े फाड़ दिए और उसके हाथ जंजीर से बांधकर उसे गांव में घुमाया। प्राथमिकी के अनुसार, इसके बाद उसे मोटरसाइकल से बांधकर मुख्य सड़क पर घसीटा गया और घर ले जाकर अंदर बंद कर दिया गया।
विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार की आलोचना की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के प्रवक्ता रुशिकेश पटेल ने गांधीनगर में कहा कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। (भाषा) (सांकेतिक फोटो)
Edited By : Chetan Gour