1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. गुरु-मंत्र
Written By ND

सबसे अमीर आप ही तो हैं

करियर
- अनुराग तागड़े

ND
हम सभी पैसे के पीछे ऐसी दौड़ लगा रहे हैं जिसका अंत हमें अभी से पता है। दौड़ कभी खत्म नहीं होने वाली बावजूद इसके हम अमीर होने के सपनों को पालते रहते हैं और मन को समझाते रहते हैं कि कभी न कभी तो वह दिन आएगा जब मेरे पास खूब पैसा होगा।

अच्छा, हम पैसा जब आएगा तब उसका करेंगे क्या इसकी उधेड़बुन में जरूर लगे रहते हैं। गाड़ी, बंगला, विदेश यात्राएँ, बिजनेस एम्पायर आदि। पैसा हमारी बुद्धि पर पर्दा भी डालता है। वह उसके पार हमें सोचने भी नहीं देता और ऐसे में हम अपने से प्यार करने वाले, चाहने वालों से अनजाने में ही दूर होते चले जाते हैं।

एक बड़ी ही खूबसूरत-सी कहानी है जिसके माध्यम से इसे समझते हैं। क्रिसमस के दिन थे और सभी ओर उसकी तैयारी चल रही थी। स्टीफन के घर में भी क्रिसमस ट्री सजाया जा रहा था। उसकी छोटी-सी बिटिया भी क्रिसमस की तैयारी कर रही थी। क्रिसमस संध्या पर स्टीफन ने देखा कि रानी बिटिया क्रिसमस ट्री के पास कुछ कर रही है।

स्टीफन ने उससे पूछा कि क्या कर रही हो बेटी? तो उसने कुछ जवाब नहीं दिया और बिना कारण बताए वहाँ से निकल गई। कुछ समय बाद फिर से बेटी क्रिसमस ट्री के पास ही मँडरा रही थी और इस समय क्रिसमस ट्री गिरते-गिरते बचा। यह देखकर स्टीफन को गुस्सा आ गया और उसने बिटिया को डाँट लगा दी कि अब इसके बाद वह क्रिसमस ट्री के पास बिलकुल भी नजर नहीं आना चाहिए।

क्रिसमस का दिन आ गया और सुबह-सुबह स्टीफन को रानी बिटिया ने जगा दिया। स्टीफन को उसने एक उपहार दिया। स्टीफन ने पैकेट खोला, जो कि बाहर से दिखने में काफी खूबसूरत था। पैकेट को खोला तो वह खाली था। स्टीफन को लगा कि बेटी ने मजाक किया होगा और उसने बिटियाँ को डाँट लगा दी कि किसी के साथ क्रिसमस पर ऐसा मजाक नहीं करते तुम्हें पता नहीं है क्या।

ND
आगे से ऐसा नहीं करने का वादा करो नहीं तो मैं तुम्हें और भी डाँट लगाऊँगा। यह सुनते ही रानी बिटिया की आँखों से टप...टप...टप आँसू झरने लगे और वह अपने कमरे में चली गई और बिस्तर पर लेट कर रोने लगी। स्टीफन को लगा कि डांटने के कारण वह रो रही है इस कारण वह उसे देखने के लिए कमरे में गया तब बिटिया रानी रो रही थी।

पिता के आने पर वह थोड़ी सहम गई पर पास आने पर उनसे लिपट गई और रोते रोते ही बोली की पापा मैंने आपके लिए उसमें ढेर सारा प्यार भर कर रखा था और क्रिसमस ट्री के पास बार बार मैं इसलिए जा रही थी ताकि थोड़ी थोड़ी देर में आपके गिफ्ट बॉक्स को ढेर सारे किस से भर दू।

यह सुनकर स्टीफन के तो जैसे होश ही उड़ गई उसने बिटिया रानी को जमीं पर रखा और उससे माफी माँगी की बिटिया मैं यह समझ ही नहीं पाया कि किसी भी महँगे गिफ्ट से बढ़कर धन मेरे परिवार व मेरी बिटियां का मेरे प्रति प्यार है। इस प्यार का कोई मूल्य नहीं है।

दोस्तो, अमीर बनना सपना हो सकता है पर यर्थाथ की तरफ नजर डालें और यह देखें कि परिवार के आपके प्रति प्यार,समर्पण और विश्वास से बड़ा न कोई धन है और न ही हो सकता है। अगर आपके पास परिवार का बेशकीमती और बेशुमार प्यार है तो दुनिया में सबसे अमीर व्यक्ति आप ही हैं।

इस धन के बल पर आप दुनिया को जीत सकते हैं और इस जीत में पैसा अपने आप आएगा। पर पैसा आता है तो जाता भी है पर एक बार परिवार का प्यार, समर्पण और विश्वास खो गया तो फिर वापस नहीं आएगा।
लेखक के बारे में
ND