London Dreams Movie Preview | लंदन ड्रीम्स
PR
निर्माता : आशिन शाह
निर्देशक : विपुल शाह
गीत : प्रसून जोशी
संगीत : शंकर-अहसान-लॉय
कलाकार : सलमान खान, अजय देवगन, असिन, ओम पुरी, रणविजय सिंह, आदित्य रॉय कपूर, खालिद आज़मी
मन्नु (सलमान खान) और अर्जुन (अजय देवगन) बचपन के दोस्त हैं। दोस्त होने के बावजूद दोनों के स्वभाव में बहुत अंतर है। केवल एक ही समानता नजर आती है और वो ये कि दोनों के परिवार का संगीत से नाता है।
मन्नू मस्तमौला इंसान है। जिंदगी का वह भरपूर मजा लेता है। लड़कियों का पीछा करना और खूब पीना उसे पसंद है। वह बेहतरीन गायक है और अपने दोस्त अर्जुन पर वह आँख मूँदकर विश्वास करता है।
PR
परिवार के नाम पर अर्जुन के एकमात्र अंकल हैं, जिन्हें छोड़कर वह अपना सपना पूरा करने लंदन चला जाता है। लंदन से अंजान अर्जुन धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाने के लिए जुट जाता है।
ज़ोहेब और वासिम नामक दो पाकिस्तानियों के साथ अर्जुन अपना एक बैंड बनाता है। दक्षिण भारतीय लड़की प्रिया (असिन) भी उसके बैंड से आ जुड़ती है, जिसे मन ही मन अर्जुन चाहने लगता है।
उधर पंजाब में मन्नू पर कर्ज चढ़ जाता है। कमाई के लिए मन्नू अपने गाँव में शादी के अवसर पर बजाए जाने वाले बैंड में शामिल हो जाता है।
अर्जुन और मन्नू की मुलाकात होती है और अर्जुन अपने साथ उसे लंदन ले आता है। मन्नू उसके बैंड से जुड़ जाता है। कुछ दिनों बाद अर्जुन को अहसास होता है कि मन्नू को लंदन लाकर उसने बहुत बड़ी गलती की है।
PR
मन्नू को बर्बाद करने के लिए अर्जुन योजना बनाता है। वह उसे सेक्स और ड्रग्स की दुनिया में ढकेलता है ताकि वह अपनी राह से भटक जाए।
क्या अर्जुन अपने खतरनाक इरादों में कामयाब हो पाएगा?
क्या मन्नू अपने दोस्त की असलियत को वक्त रहते पहचान पाएगा?
जानने के लिए देखिए ‘लंदन ड्रीम्स’।
