सलमान खान खाना खाते हुए क्यों लगवा रहे थे सिर में इंजेक्शन? शैलेंद्र सिंह ने सुनाया चौंकाने वाला किस्सा
बॉलीवुड के 'दबंग' यानी सलमान खान अपनी दरियादिली और खास अंदाज के लिए जाने जाते हैं। लेकिन स्टारडम की चमचमाती दुनिया के पीछे का सच कई बार बेहद हैरान करने वाला होता है। हाल ही में मशहूर फिल्म निर्माता शैलेंद्र सिंह ने साइरस ब्रोचा और सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत के दौरान सलमान खान से जुड़ा एक बेहद मजेदार और चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है।
शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कैसे एक शाम सलमान अपने घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में बड़े आराम से बिरयानी का लुत्फ उठा रहे थे और साथ ही उनके सिर में सुइयां चुभाई जा रही थीं। शैलेंद्र सिंह ने सालों पुरानी एक रात का वाकया याद करते हुए बताया कि वह सलमान से मिलने उनके घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने सलमान की एक बेहद अनोखी आदत देखी—खाना खाते समय आईना देखना।
शैलेंद्र ने कहा, सलमान रसोई की एक छोटी सी मेज पर बैठे थे, जिसके ठीक सामने एक शीशा लगा था। वह खाना खा रहे थे और शीशे में खुद को देख रहे थे। आप उनके बगल में बैठे होते हैं, लेकिन असल में आप शीशे के जरिए ही उनसे बात कर रहे होते हैं।
उन्होंने आगे कहा, बातचीत चल ही रही थी कि तभी माहौल और भी अजीब हो गया। एक व्यक्ति हाथ में मेडिकल सामान और दस्ताने पहने कमरे में दाखिल हुआ। उसने बिना बातचीत में खलल डाले सलमान के सिर में इंजेक्शन लगाना शुरू कर दिया। सलमान आराम से बिरयानी चबा रहे थे। वह शख्स सिर में सुइयां घोंप रहा था और मैं शीशे में यह सब देखकर सोच रहा था कि आखिर यह चल क्या रहा है!
जब शैलेंद्र की उत्सुकता बढ़ी, तो उन्होंने सलमान से पूछ ही लिया कि यह सब क्या हो रहा है। इस पर सलमान ने बेहद सादगी और शांति से जवाब दिया, "भाई, स्टार बनने की एक कीमत चुकानी पड़ती है।"
बाद में शैलेंद्र को समझ आया कि सलमान असल में PRP (प्लेटलेट-रिच प्लाज्मा) थैरेपी करवा रहे थे। यह एक ऐसा मेडिकल प्रोसीजर है जिसमें व्यक्ति के ही खून से प्लाज्मा निकालकर बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए स्कैल्प में इंजेक्ट किया जाता है। शैलेंद्र ने कहा कि आज के दौर में रितिक रोशन से लेकर कई बड़े सितारे बालों को झड़ने से रोकने के लिए यह ट्रीटमेंट लेते हैं।
शैलेंद्र सिंह और सलमान खान की दोस्ती काफी पुरानी है। दोनों के बीच कफ परेड के दिनों से पहचान थी। शैलेंद्र ने माना कि सलमान दिल के बेहद साफ इंसान हैं, लेकिन समय और सफलता ने उन्हें बदल दिया है। उन्होंने कहा, सलमान जन्म से जंगल के टाइगर थे, लेकिन अब वह चिड़ियाघर के तमाशा बन चुके टाइगर की तरह हैं। बड़ी सफलता इंसान को असुरक्षित और सावधान बना देती है। फिर आपके आसपास ऐसे लोग आ जाते हैं जो सिर्फ यही कहते हैं कि आप ही सही हैं और बाकी सब गलत।
दोनों दोस्तों का हर सोमवार को बांद्रा में पार्टी करने का नियम था, जो लगभग तीन सालों तक चला। लेकिन एक दिन इस गहरी दोस्ती में दरार आ गई। शैलेंद्र ने बताया कि वह अपनी एक कमर्शियल फिल्म 'कैप्टन' की कहानी लेकर सलमान के पास गए थे। उन्हें उम्मीद थी कि दोनों इसपर बात करेंगे। लेकिन जब वह मीटिंग के लिए पहुंचे, तो सलमान ने कमरे में कई अन्य लोगों को भी बैठा रखा था। शैलेंद्र को लगा कि एक पुराने दोस्त के नाते उनके विचार और प्रोजेक्ट को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वह हकदार थे। इस घटना से आहत होकर उन्होंने सलमान के साथ काम करने का इरादा छोड़ दिया और वही उनकी आखिरी मुलाकात साबित हुई।

