1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. आने वाली फिल्म

मेरे बाप पहले आप

मेरे बाप पहले आप
PR
निर्माता : रमन मारू - केतन मारू - मानसी मारू
निर्देशक : प्रियदर्शन
संगीत : विद्यासागर
कलाकार : अक्षय खन्ना, परेश रावल, जेनेलिया डिसूजा, मनोज जोशी, ओम पुरी, राजपाल यादव, शोभना

जनार्दन विश्वम्भर राणे (परेश रावल) ने अपनी जिंदगी के कीमती वर्ष अपने बच्चों को बड़ा करने में खर्च किए। जनार्दन की पत्नी अपने बच्चों चिराग (मनोज जोशी) और गौरव (अक्षय खन्ना) को उस समय छोड़कर चली गई थी, जब वे छोटे थे।

जनार्दन ने उन्हें माता और पिता का लाड़ देकर बड़ा किया। चिराग और गौरव ने अपने पिता का व्यवसाय संभाल लिया। दोनों अपने पिता को बेहद प्यार करते हैं, खासतौर पर गौरव। वह अपने पिता को बेटा समान मानता है। उन्हें डाँटता है, डराता है और जरूरत पड़ने पर ताला लगाकर बंद भी कर देता है।

PR
गौरव को अपने पिता के दोस्त माधव माथुर (ओमपुरी) से बेहद चिढ़ है। माधव का तलाक हो चुका है और वह फिर से शादी करने के मूड में है। वह अपने लिए दुल्हन तलाश रहा है और अक्सर लड़की पसंद करने के लिए जनार्दन को ले जाता है। कई बार वे मुसीबत में फँसे हैं और गौरव ने उन्हें शर्मनाक परिस्थितियों से बाहर निकाला है।

गौरव को अचानक एक लड़की के फोन आना शुरू हो जाते हैं, जो उससे मजाक करती है। गौरव उस लड़की का पता लगाता है। वह और कोई नहीं बल्कि शिखा (जेनेलिया डिसूजा) है, जो उसके साथ कॉलेज में पढ़ती थी। शिखा अपनी गार्जियन अनुराधा (शोभना) के साथ रहती है। अनुराधा, जनार्दन का पहला प्यार है।

PR
गौरव ‍और शिखा की मुलाकात बढ़ती हैं और संयोग से एक बार अनुराधा और जनार्दन आमने-सामने होते हैं। उनके हावभाव देखकर गौरव और शिखा को उनके बारे में शक होता है।

जब गौरव को अपने पिता के प्यार के बारे में पता चलता है तो वह अपने पिता की अनुराधा से शादी करवाने का फैसला करता है। यह आसान नहीं था। उनके रास्ते में कई काँटें थे। कैसे वह इस बाधा को पार करता है, यह दर्शकों को हँसाते हुए दिखाया गया है।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें