1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. आने वाली फिल्म

चाँदनी चौक टू चाइना

चाँदनी चौक टू चाइना
PR
निर्माता : रमेश सिप्पी, मुकेश तलरेजा, रोहन सिप्पी
निर्देशक : निखिल आडवाणी
संगीत : शंकर-अहसान-लॉय
कलाकार : अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण, रणवीर शौरी, मिथुन चक्रवर्ती, गॉर्डन लियू

सिद्धू (अक्षय कुमार) दिल्ली के चाँदनी चौक में सड़क किनारे लगी खाने की दुकान में सब्जी काटता है। अपनी जिंदगी से वह खुश नहीं है और उसके बड़े-बड़े सपने हैं। बजाय मेहनत के वह शॉर्टकट के जरिये आगे बढ़ना चाहता है। ज्योतिषियों, फकीरों और साधुओं से वह किस्मत चमकाने के तरीके पूछता रहता है। उसे खुद की मेहनत पर भरोसा नहीं है।

दादा (मिथुन चक्रवर्ती) उसके पिता जैसे हैं। वे अकसर उसे फालतू की बातों पर ध्यान न देकर मेहनत पर जोर देने की बात कहते हैं, लेकिन सिद्धू एक कान से सुनता है और दूसरे से निकाल देता है।

PR
आखिरकार सिद्धू के पास वो क्षण आ ही जाता है, जिसका उसे वर्षों से इंतजार था। चीन से दो अजनबी सिद्धू के पास आते हैं और उसे बताते हैं कि वह पिछले जन्म में चीन का बहुत बड़ा योद्धा था। अब उसका पुनर्जन्म हुआ है। वे उसे चीन ले जाना चाहते हैं।

सिद्धू बड़ा खुश हो जाता है। उसे लगता है कि सब्जी काटने से उसे छुट्टी मिल गई है। उसे महँगी शराब और सुंदर स्त्रियाँ सपने में दिखाई देने लगती हैं। भारतीय और चीनी भाषाओं का जानकार चॉपस्टिक (रणवीर शौरी) ये बात जानता है कि सिद्धू को वे दोनों चीनी बेवकूफ बना रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वह उनकी मदद करता है। दरअसल वे दोनों चीनी सिद्धू को खूँखार स्मगलर होजो (गॉर्डन लियू) के चंगुल से अपना गाँव छुड़ाने ले जा रहे हैं।

PR
चीन जाते समय सिद्धू की मुलाकात सखी (दीपिका पादुकोण) से होती है। वह टेली शॉपर्स मीडिया में काम करती है और अपनी जन्मभूमि पर जा रही है। चीन पहुँचकर सिद्धू को होजो से भिड़ा दिया जाता है। होजो ताकतवर है और सिद्धू भाग्यवश उसके आदमियों को चकमा देने में सफल रहता है।

आखिरकार एक दिन वह होजो की पकड़ में आ ही जाता है। होजो उसकी असलियत सबके सामने खोल देता है। सिद्धू अब बदला लेना चाहता है और इसके लिए वह कूंगफू सीखता है। अंत में सिद्धू अपने मकसद में कामयाब होता है।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें