'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' को मिला UA सर्टिफिकेट, विपुल शाह ने सेंसर बोर्ड का जताया आभार
विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म 'द केरल स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मेकर्स ने एलान किया है कि फिल्म को सेंसर बोर्ड की तरफ से 'UA' सर्टिफिकेट मिल गया है। इसका मतलब है कि अब यह फिल्म पूरे भारत के सिनेमाघरों में बड़े लेवल पर रिलीज होने के लिए तैयार है।
प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने सेंसर बोर्ड को शुक्रिया कहा है और उनके इस फैसले को सही और सोच-समझकर लिया गया फैसला बताया है। एक ऑफिशियल बयान में उन्होंने कहा, मैं अपनी फिल्म को UA सर्टिफिकेट देने के लिए सेंसर बोर्ड का दिल से शुक्रगुजार हूं। यह हमारी नीयत और उस ईमानदारी पर उनके भरोसे को दिखाता है जिससे हमने यह कहानी सुनाई है।
उन्होंने कहा, यह फैसला इसलिए भी खास है क्योंकि अब हम देश भर की युवा लड़कियों और परिवारों तक पहुंच पाएंगे। हमारा मकसद हमेशा से जागरूकता फैलाना, जानकारी देना और युवाओं को इतना मजबूत बनाना रहा है कि वे चौकन्ने रहें और सही फैसले ले सकें। मैं बोर्ड को उनके सही और सोच-समझकर लिए गए फैसले के लिए शुक्रिया कहता हूं जिससे यह मैसेज अगली पीढ़ी तक पहुंच सकेगा।
मेकर्स के मुताबिक, सेंसर बोर्ड का यह फैसला फिल्म के असली मकसद यानी युवाओं के बीच बातचीत शुरू करने और उन्हें जागरूक करने से पूरी तरह मेल खाता है। 'UA' सर्टिफिकेट मिलने के बाद अब टीम को उम्मीद है कि फिल्म की बात ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचेगी, खासकर उन युवा लड़कियों तक जो अपने परिवार के साथ फिल्म देखने आएंगी।
कामाख्या नारायण सिंह के डायरेक्शन में बनी 'द केरल स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड' को तेलुगु और कन्नड़ में भी रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों (उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा) की दिल दहला देने वाली कहानी सामने लाती है, जिनकी जिंदगी तब एक खौफनाक मोड़ ले लेती है जब उन्हें तीन मुस्लिम लड़कों से प्यार हो जाता है। फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।