टीवी के फेमस कपल में से एक रहे जय भानुशाली और माही विज ने हाल ही में आपसी सहमती से अलग होने के ऐलान किया है। दोनों ने एक पोस्ट शेयर करके अपने तलाक के बारे में फैंस को बताया। जय से तलाक के बाद माही विज ने अपने बेस्ट फ्रेंड नदीम के जन्मदिन पर एक पोस्ट शेयर किया।
इस पोस्ट में माही ने कहा कि वह नदीम से प्यार करती हैं। साथ ही उनकी बेटी तारा उन्हें 'अब्बा' बुलाती है। माही की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा था। कई लोगों ने कहा कि जय से अलग होने के बाद माही नदीम संग प्यार में हैं।
वहीं अब अपने ऊपर उठ रही उंगली पर माही विज ने करारा जवाब दिया है। माही ने अपना एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह कहती हैं, तो सबने मुझसे कहा कि इस बारे में बात मत करो, इसे इग्नोर करो और जो लोग इन चीजों के बारे में जानते हैं, मीडिया जो कर रहा है, उस पर बहुत अजीब लग रहा है।
माही ने कहा, सिर्फ इसलिए कि हमने एक-दूसरे के साथ बहुत इज्जत से तलाक लिया है, मुझे नहीं लगता कि आप लोग इसे पचा पा रहे हैं। आप लोगों को कंट्रोवर्सी चाहिए, आप लोगों को गंदगी चाहिए। ये सब कैसे हुआ? नदीम, जो मेरा सबसे अच्छा दोस्त है और हमेशा मेरा सबसे अच्छा दोस्त रहेगा। मैं 6 साल से उसके लिए पोस्ट डाल रही हूं और 6 साल से तारा उसे अब्बा कह रही है।
एक्ट्रेस ने कहा, जय और मेरा फैसला था कि वो नदीम को अब्बा कहेगी। अब्बा शब्द को आपने इतना गंदा बना दिया है। एक इंसान किसी चीज से गुजर रहा है। आप लोगों को कर्मा का डर नहीं है। आप लोग किसी भी हद तक गिर सकते हैं, आप पर शर्म आती है, आप लोगों पर थूकती हूं।
माही ने कहा, मैं तुम लोगों पर थूकती हूं कि तुम मेरे और नदीम के बारे में ऐसी बकवास बातें लिख रहे हो, जो सिर्फ मेरी जिंदगी में ही नहीं, बल्कि कई लोगों के लिए गॉडफादर है। तुम किसी के बारे में इतने बुरे लेवल तक जा सकते हो। क्या तुम अपने बेस्ट फ्रेंड्स को आई लव यू नहीं कहते? क्या तुम अपने भाई को आई लव यू नहीं कहते? क्या तुम अपनी बहन को आई लव यू नहीं कहते?
उन्होंने कहा, तुम लोग जो भी गंदगी फैला रहे हो, कर्म तुम्हारे सामने आएगा। कर्म सबके सामने आता है, लेकिन ये तुम्हारे सामने आएगा और यहां सबको भुगतना पड़ता है। सुबह से अब तक, मैं जो कुछ भी झेल रही हूं, अगर मैं इन सब चीजों को देखूं, जय का सबसे अच्छा दोस्त है। जय उसे पूरे दिल से प्यार करता है। वो हमारे पूरे ग्रुप का हिस्सा है और वो हमेशा यहीं रहेगा।
एक्स हसबैंड ने भी किया सपोर्ट
माही का नाम नदीप से जोड़ा जाने पर जय भानुशाली ने भी चुप्पी तोड़ी है। जय ने अंकिता लोखंडे का पोस्ट री-पोस्ट किया है। इस पोस्ट में अंकिता ने माही का सपोर्ट करते हुए कहा था कि लोगों को हक नहीं कि वो माही और नदीप के रिश्ते पर सवाल उठाए। जय ने अंकिता की पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए लिखा, धन्यवाद अंकिता और मैं आपकी हर एक बात से सहमत हूं।
बता दें कि नदीम कुरैशी भी टीवी इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। नदीम सलमान खान के भी खास दोस्त हैं। वह सलमान के टीवी प्रोडक्शन हाउस एसके टीवी के सीईओ रह चुके है।