ज्योतिषी ने देखी पुलकित सम्राट की कुंडली, शाही योद्धा की भूमिका निभाने का दिया संकेत
अपनी आगामी फिल्म राहु केतु की रिलीज की तैयारियों में जुटे पुलकित सम्राट के साथ हाल ही में एक बातचीत के दौरान एक ऐसी दिलचस्प घटना घटी, जिसने फैंस और इंडस्ट्री में चर्चाओं को जन्म दे दिया है। दरअसल इस बातचीत में फिल्म की कास्ट पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और शालिनी पांडे के साथ एक ज्योतिषी भी थीं।
ज्योतिषी ने पुलकित की कुंडली का विश्लेषण करते हुए विशेष रूप से राहु-केतु की ग्रह स्थिति पर बात की और बताया कि आने वाला समय उनके लिए बेहद अनुकूल है। ज्योतिषी के अनुसार, ग्रहों की चाल इस ओर इशारा कर रही है कि भविष्य में पुलकित को किसी ऐतिहासिक भूमिका में देखा जा सकता है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ज्योतिषी ने उस किरदार की कल्पना साझा करते हुए यह भी बताया कि अपने भव्य ऐतिहासिक पात्र में पुलकित घोड़े पर सवार, हाथ में तलवार लिए और शाही परिधान में नजर आएंगे। उनका मानना था कि इस तरह की भूमिका पुलकित की ऑन-स्क्रीन मौजूदगी को और मजबूत करेगी और उन्हें एक बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचने में मदद करेगी।
ज्योतिषी की इस विस्तृत भविष्यवाणी पर पुलकित पहले तो थोड़े चौंक गए, लेकिन फिर मुस्कुराते हुए मज़ाकिया अंदाज़ में बोले, “वाह मैम, क्या आप मेरे सपनों में भी आ गईं?” उनकी इस टिप्पणी से वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। हालांकि, ज्योतिषी अपने अनुमान पर कायम रहीं और आत्मविश्वास के साथ कहा कि पुलकित का यह सपना आगे चलकर जरूर साकार होगा।
पुलकित ने भी स्वीकार किया कि ऐतिहासिक किरदार करते हुए वे सच में अपने करियर को एक्सप्लोर करना चाहते हैं। भविष्यवाणी में एक और दिलचस्प बात जोड़ते हुए ज्योतिषी ने कहा कि लंबे बालों में पुलकित इस तरह के किरदार में और भी प्रभावशाली नजर आएंगे, जिससे उनके संभावित योद्धा अवतार को लेकर चर्चा और तेज़ हो गई।
इस इंटरव्यू के बाद से ही यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि आने वाले समय में पुलकित सम्राट किसी ऐतिहासिक फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं, जो उन्हें बिल्कुल नए अंदाज़ में पेश करेगी। हालांकि फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस बातचीत ने अभिनेता को लेकर उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।
वर्क फ्रंट की बात करे तो पुलकित सम्राट जल्द ही राहु केतु में नजर आने वाले हैं, जो 16 जनवरी को रिलीज़ होने जा रही है। इस फिल्म में वह एक बार फिर वरुण शर्मा के साथ स्क्रीन साझा करते दिखाई देंगे, जिससे लंबे समय बाद दर्शकों को लोकप्रिय फुकरे जोड़ी की झलक मिलने वाली है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।