शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. deepika padukone 8 hour shift controversy kareena kapoor ananya panday support
Last Modified: शनिवार, 7 मार्च 2026 (15:57 IST)

दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट पर बहस, करीना कपूर और अनन्या पांडे ने किया सपोर्ट

Deepika Padukone 8 hour shift controversy
बॉलीवुड की 'मस्तानी' दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी शर्तों को लेकर चर्चा में हैं। मां बनने के बाद दीपिका ने काम और अपनी बेटी 'दुआ' की परवरिश के बीच संतुलन बनाने के लिए शूटिंग के घंटों को सीमित करने की बात कही, जिसके बाद इंडस्ट्री दो गुटों में बंट गई है। 
 
कई सेलेब्स ने दीपिका पादुकोण के 8 घंटे वर्क शिफ्ट को सही बताया तो कई ने इसे गलत भी बताया। अब करीना कपूर और अनन्या पांडे ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी है। दोनों एक्ट्रेस ने दीपिका पादुकोण का सपोर्ट किया है। 
 
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए इंटरव्यू में करीना कपूर ने कहा, अगर आप शादीशुदा हैं और आपके बच्चे हैं, तो एक महिला के तौर पर आपको यह कहने का पूरा हक है कि आप कितना समय काम को दे सकती हैं। फिल्म शुरू होने से पहले ही अपनी बात स्पष्ट रूप से रख देना पूरी तरह से ठीक है।
 
करीना ने कहा, फिल्म इंडस्ट्री में लचीलापन जरूरी है, लेकिन ईमानदारी से अपनी जरूरतों को बताना गलत नहीं है। एक्ट्रेस ने बताया कि फिल्म द बकिंघम मर्डर्स की शूटिंग के दौरान उन्हें करीब 35 दिन लंदन में रहना पड़ा था। ऐसे में उन्होंने अपना शेड्यूल इस तरह तय किया कि बीच-बीच में भारत आकर अपने बच्चों से मिल सकें। 
 
फिल्म 'गहराइयां' में दीपिका के साथ काम कर चुकीं अनन्या पांडे ने भी सीनियर एक्ट्रेस का पक्ष किया। अनन्या ने कहा कि मां बनने से पहले दीपिका कभी किसी वर्कशॉप या शूटिंग के लिए मना नहीं करती थीं। अनन्या के अनुसार, अब वह एक मां हैं और अपने बच्चे के शुरुआती दो सालों में साथ रहना चाहती हैं। प्रोड्यूसर्स के साथ बातचीत कर बीच का रास्ता निकालना ही सबसे सही तरीका है।
 
अनुभव सिन्हा और वनिता संधू का भी मिला साथ
सिर्फ अभिनेत्रियां ही नहीं, बल्कि निर्देशक अनुभव सिन्हा ने भी कहा कि अगर किसी एक्टर की मांगें प्रोड्यूसर को पसंद नहीं हैं, तो उनके साथ काम न करें, लेकिन इसे विवाद बनाना गलत है। वहीं, ब्रिटिश-इंडियन एक्ट्रेस वनिता संधू ने भी दीपिका के सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य और पर्याप्त आराम हर प्रोफेशनल का हक है।
 
बता दें कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब खबरें आईं कि दीपिका पादुकोण ने प्रभास स्टारर फिल्म 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 AD: पार्ट 2' से वॉकआउट कर लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपिका ने मेकर्स के सामने शर्त रखी थी कि वह दिन में केवल 8 घंटे ही काम करेंगी ताकि वह अपनी नवजात बेटी के साथ समय बिता सकें।
 
खबरों के अनुसार कि मेकर्स को यह शर्त 'अनप्रोफेशनल' लगी, जिसके कारण उन्हें इन बड़े प्रोजेक्ट्स से हाथ धोना पड़ा। हालांकि, दीपिका ने बाद में एक इंटरव्यू में इसे 'इंडस्ट्री का डबल स्टैंडर्ड' बताया। उन्होंने तर्क दिया कि कई बड़े मेल सुपरस्टार्स सालों से 8 घंटे की शिफ्ट में काम कर रहे हैं, लेकिन जब एक महिला और नई मां ने यह मांग की, तो इसे मुद्दा बना दिया गया।
ये भी पढ़ें
क्या संजय लीला भंसाली की फिल्म में कियारा आडवाणी बनेंगी मधुबाला? जानिए सच