1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मुलाकात
  4. shilpa shinde bhabiji ghar par hain 2 0 comeback

शिल्पा शिंदे की ‘भाबीजी घर पर हैं 2.0’ में धमाकेदार वापसी, बोलीं- मैं ओरिजिनल भाभी हूं

Shilpa Shinde comeback, Bhabiji Ghar Par Hain 2.0
टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री शिल्पा शिंदे आखिरकार उस शो में लौट रही हैं जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। बिनैफर और संजय कोहली के शो ‘भाबीजी घर पर हैं 2.0’ में वापसी को लेकर शिल्पा का मानना है कि यह सब पहले से तय था। अपनी वापसी पर शिल्पा कहती हैं, “यह किस्मत है, मुझे ऐसा लगता है, और इसे कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता।”
 
पहले कभी वापसी का ख्याल नहीं आया था
शिल्पा शिंदे ने बेहद ईमानदारी से माना कि शुरुआत में उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि वह इस शो में दोबारा लौटेंगी। वह कहती हैं, “शुरुआत में मैंने लौटने के बारे में सोचा ही नहीं था क्योंकि मैं चीजें आसानी से भूलती नहीं हूं। जो तब हुआ, वह मेरे दिमाग में रहा और आज भी है। लेकिन सालों में मुझे लगता है कि मैं काफी बदल चुकी हूं और पहले से ज्यादा परिपक्व हो गई हूं।”
 
मनोज संतोषी के जाने के बाद बदला फैसला
शिल्पा की जिंदगी में असली मोड़ शो के पूर्व लेखक मनोज संतोषी के निधन के बाद आया। इस बारे में बात करते हुए वह भावुक हो जाती हैं और कहती हैं, “वह हमेशा चाहते थे कि मैं शो में वापस आऊं, लेकिन मैं टालती रही। उनके आखिरी दिनों में मैं लगातार उनके साथ थी और उस दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने मुझे भीतर तक छू लिया।”
 
मेकर्स से मुलाकात के बाद बनी बात
इसके बाद जब शिल्पा की मुलाकात शो के मेकर्स से हुई तो माहौल पूरी तरह सकारात्मक रहा। वह कहती हैं, “मुझे लगा कि अब चीजें काम कर सकती हैं क्योंकि उनकी भी यही चाहत थी।”
 
आसिफ शेख का एक वाक्य और सब तय
शिल्पा के लिए एक और भावुक पल तब आया जब उन्होंने सह-कलाकार आसिफ शेख से बात की। वह याद करते हुए कहती हैं, “एक बार मैंने ईद पर आसिफ जी को फोन किया और उन्होंने बस इतना कहा- ‘आ जाओ शिल्पा।’ इसके बाद सब कुछ अपने आप सही होता चला गया और आज मैं यहां हूं।”
 
‘मैं किसी को रिप्लेस नहीं कर रही’
शिल्पा ने बेहद साफ शब्दों में कहा कि उनकी वापसी किसी की जगह लेने के लिए नहीं है। वह मजबूती से कहती हैं, “मैं ओरिजिनल भाभी हूं। रिप्लेसमेंट का कोई सवाल ही नहीं है।”
 
‘ऐसा लग रहा है जैसे अपना बच्चा वापस ले रही हूं’
अपने किरदार से जुड़ाव को लेकर शिल्पा भावुक अंदाज में कहती हैं, “ऐसा लग रहा है जैसे मैं अपना बच्चा वापस ले रही हूं। किरदार की छोटी-छोटी बातें, उसकी आत्मा, सब कुछ मेरा था। लगभग दस साल दूर रहने के बावजूद मैंने फैसला किया है कि मैं वहीं से शुरू करूंगी जहां से छोड़ा था।”
 
‘यह नया दौर है, मैं अब सिर्फ अंगूरी नहीं हूं’
शिल्पा मानती हैं कि यह वापसी पुराने अंदाज की नहीं, बल्कि नए दौर की है। वह आत्मविश्वास से कहती हैं, “यह भाबीजी घर पर हैं 2.0 है और अब मैं सिर्फ अंगूरी नहीं हूं, मैं उससे कहीं ज्यादा हूं।”
 
पुराने विवादों पर क्या बोलीं शिल्पा
अपने पुराने एग्जिट और विवादों पर शिल्पा ने सधा हुआ जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हर शो में लोग अलग-अलग वजहों से आते-जाते रहते हैं। जिन्हें रिप्लेस किया जाता है, उन्हें अच्छा नहीं लगता, और यह स्वाभाविक है। फिलहाल, यह स्वीकार करने का समय है।”
 
लंबे ब्रेक के बाद अभिनय में वापसी
बात खत्म करते हुए शिल्पा ने इसे अपने करियर का बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा, “हर किसी को अपनी बात कहने की आज़ादी है, लेकिन मेरे लिए यह बहुत बड़ा कदम है क्योंकि मैं लंबे समय बाद फिर से एक्टिंग में लौट रही हूं।”
ये भी पढ़ें
Elvish Yadav ने ‘Aukaat Ke Bahar’ में राजवीर की जर्नी से युवाओं को दिया संदेश