1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. नरगिस फखरी : रॉकस्टार की हीर

नरगिस फखरी : रॉकस्टार की हीर

रोमांस की खबरों को पढ़ निकल आते थे आंसू

नरगिस फखरी

रॉकस्टार में जहां एक ओर रणबीर कपूर की तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं तो दर्शकों का दिल मासूम सी नजर आने वाली नरगिस फखरी ने भी जीत लिया है। भले ही नरगिस की एक्टिंग ने प्रभावित नहीं किया हो, लेकिन उनकी सुंदरता के लोग कायल हो गए हैं। लोगों की प्रतिक्रियाओं को जानकर नरगिस बेहद खुश हैं। नरगिस अपनी कामयाबी का सारा श्रेय निर्देशक इम्तियाज अली और रणबीर कपूर को देती हैं।

 

 
PR

 


नरगिस सबसे पहले तब चर्चा में आईं जब उनका नाम फिल्म के हीरो रणबीर कपूर से जोड़ा गया। रणबीर और नरगिस को मुंबई के एक रेस्तरां में साथ देखा गया। गॉसिप करने वालों को मसाला मिल गया। चटखारे लेकर रणबीर और नरगिस की नजदीकियों के किस्से सुनाए गए।

बॉलीवुड के स्टार्स के लिए गॉसिप छपना आम बात है, लेकिन नरगिस के लिए यह सब नया था। अपने रोमांस के किस्से जब उन्होंने अखबारों में पढ़े तो उनके दिल को चोट पहुंची। अपने कमरे में बैठकर वे अक्सर इस बात को लेकर आंसू बहाया करती थी।

जब रणबीर को इस बारे में पता चला तो उन्होंने नरगिस को बताया कि ग्लैमर वर्ल्ड में जहां कुछ अच्छाइयां हैं तो साथ में बुराइयां भी हैं। उन्हें इस तरह की बातों का सामना करने की आदत डालना होगा। तब जाकर नरगिस सहज हुईं।

नरगिस को जब यह फिल्म ऑफर हुई थी तब बॉलीवुड के बारे में वे ज्यादा कुछ नहीं जानती थीं। शाहरुख खान नामक सुपरस्टार का नाम उन्होंने सुन रखा था। हालांकि वे किंगफिशर स्विमसूट कैलेंडर 2009 में नजर आई थी और उसके बाद से ही भारतीय फिल्मकारों की उन पर नजर थी।

नरगिस के कई देशों से संबंध है। चेक-पाकिस्तान मूल की यह लड़की अमेरिका में पली-बढ़ी हैं। डेनमार्क में भी वे रहती हैं। नरगिस की मॉडलिंग में दिलचस्पी नहीं हैं, लेकिन इस क्षेत्र में मिलने वाले पैसे की वजह से उन्होंने इसे अपना प्रोफेशन बना लिया।

रॉक स्टार के निर्देशक इम्तियाज अली ने नरगिस को अपनी फिल्म में लेने का मन बनाया। नरगिस तक जब यह संदेश गया तो वे राजी हुईं और पहली मुलाकात प्राग में हुई। रॉकस्टार की कहानी उन्हें सुनाई गई जो उनके दिल को छू गई। नरगिस ने फैसला ले लिया कि वे रॉकस्टार जरूर करेंगी। अपने परिवार को छोड़ वे मुंबई आ धमकी।

नरगिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हिंदी भाषा थी, जो उन्हें बिलकुल नहीं आती थी। इस बाधा को पार करने के लिए उन्होंने हिंदी सीखने का निर्णय लिया और रोजाना 10 घंटे तक वे हिंदी ‍सीखती थी। रॉकस्टार के जरिये कई निर्देशकों का ध्यान नरगिस ने अपनी ओर खींचा है। उन्हें उम्मीद है कि कुछ अच्छी फिल्मों के ऑफर उन्हें मिलेंगे।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें