सोमवार, 14 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. जुलाई में प्रदर्शित होने वाली फिल्में
Written By समय ताम्रकर

जुलाई में प्रदर्शित होने वाली फिल्में

List of films releasing in July | जुलाई में प्रदर्शित होने वाली फिल्में
वर्ष 2009 के पहले 6 महीने फिल्म इंडस्ट्री के लिए बेहद खराब रहे। आमतौर पर गर्मी की छुट्टियों में ‍काफी अच्छा व्यवसाय होता है, लेकिन इस बार विवाद के कारण कोई नई फिल्म इस दरमियान प्रदर्शित नहीं हुई।

जनवरी से मार्च तक बेहद कम फिल्में रिलीज हुईं और इक्का-दुक्का को छोड़ सभी असफल रहीं। अगले 6 महीने फिल्म इंडस्ट्री के लिए व्यस्तता से भरे रहेंगे क्योंकि कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों की शोभा बढ़ाने वाली हैं। बात की जाए जुलाई की। जुलाई में कई अच्छी फिल्में सिने प्रेमियों को देखने को मिलेंगी।

PR
3 जुलाई को ‘कमबख्त इश्क’ प्रदर्शित हो रही है। इस बड़ी फिल्म के सामने सिर्फ ‘आइस एज़ : डॉन ऑफ दि डायनासोर’ प्रदर्शित हो रही हैं। ‘कमबख्त इश्क’ 9 महीने से प्रदर्शन के लिए तैयार है, लेकिन अब जाकर प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म का बजट 45 से 50 करोड़ रुपए है और अपनी लागत वसूलने के लिए इसे जबरदस्त व्यवसाय करना पड़ेगा। अक्षय कुमार के लिए भी इस फिल्म की सफलता बहुत मायने रखती है। कई हॉलीवुड सितारे भी फिल्म में नजर आएँगे। फिल्म के प्रोमो को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, जिसे देखकर यह माना जा सकता है कि यह फिल्म जोरदार शुरुआत करेगी।

IFM
10 जुलाई को अनिल कपूर द्वारा निर्मित ‘शॉर्टकट’ प्रदर्शित होगी। अक्षय खन्ना, अमृता राव और अरशद वारसी अभिनीत इस फिल्म का सबसे बड़ा प्लस पाइंट निर्देशक नीरज वोरा हैं, जिन्होंने ‘फिर हेराफेरी’ जैसी सफल फिल्म बनाई है। अनीस बज्मी की पटकथा होने से यह माना जा सकता है कि इस फिल्म में मनोरंजन के सारे मसाले होंगे। हॉलीवुड की फिल्म पसंद करने वालों को ‘ट्रांसफार्मर्स 2’ (डब) इस दिन ‍देखने को मिलेगी। साथ ही मॉर्निंग वॉक, देख भाई देख, संकट सिटी, जुड़वों की जंग (डब) और जिद - द ही मैन (डब) भी 10 जुलाई को रिलीज होने वाली हैं।

PR
17 जुलाई को भट्ट बंधुओं की ‘जश्न’ प्रदर्शित होने जा रही है। इस फिल्म को रक्षा मिस्त्री और एच.एस. हैदराबादवाला ने निर्देशित किया है। इस फिल्म के बारे में अफवाह उड़ी थी कि निर्देशकों के काम से नाखुश होकर महेश भट्ट ने इसका कुछ भाग निर्देशित किया है। अध्ययन सुमन, अंजना सुखानी और शहाना गोस्वामी इस फिल्म के प्रमुख कलाकार हैं।

इसी दिन सोहैल खान द्वारा निर्मित ‘किसान’ प्रदर्शित होने वाली है। पुनीत सिरा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अरबाज खान, सोहैल खान और जैकी श्रॉफ दिखाई देंगे। हैरी पॉटर सिरीज को पसंद करने वालों को हैरी पॉटर एंड द हॉफ ब्लड प्रिंस (डब) इस दिन से देखने को मिलेगी। मेरी आन (डब) और नया अजूबा (डब) जैसी फिल्में भी 17 जुलाई को प्रदर्शित होंगी।

PR
24 जुलाई को ‘लक’ प्रदर्शित होने जा रही है। इस एक्शन फिल्म में संजय दत्त, मिथुन चक्रवर्ती, डैनी, इमरान खान अपना लक आजमाएँगे। कमल हासन की बेटी श्रुति के. हासन इस फिल्म से बॉलीवुड में अपना करियर शुरू कर रही हैं।

आमिर के भानजे इमरान खान ने इस फिल्म के प्रमोशन के लिए टीवी चैनलों पर प्रसारित होने वाले शो में भाग लेने से इनकार कर दिया है और अब संजय दत्त ने प्रचार का जिम्मा उठाया है। फिल्म का निर्देशन सोहम ने किया है। ‘सॉरी मैडम माफ करो भी संभवत: इसी दिन प्रदर्शित होगी।

PR
31 जुलाई को सैफ अली खान द्वारा निर्मित ‘लव आज कल’ देखने को मिलेगी। बदलते समय के अनुसार प्यार के तरीकों में क्या परिवर्तन हुए, इसे दिखाया गया है। ‘जब वी मेट’ वाले इम्तियाज अली का निर्देशन और दीपिका पादुकोण के कारण इस फिल्म के प्रति लोगों में क्रेज है। इस फिल्म का संगीत भी लोकप्रिय हो रहा है।