• Webdunia Deals
  1. वेबदुनिया सिटी
  2. »
  3. मध्यप्रदेश
  4. »
  5. रतलाम
Written By Naidunia
Last Modified: रतलाम , शुक्रवार, 23 दिसंबर 2011 (00:35 IST)

हाथ की नस काटने से एसएफ जवान की मौत

जावरा
जावरा में स्थित एसएफ (विशेष बल) की 24 वीं बटालियन परिसर में पदस्थआरक्षक सुरेशकुमार ने गुरुवार शाम बाएँ हाथ की कलाई की नस काट ली। इससे काफी खून बह गया। इलाज के दौरान रात 9 बजे रतलाम जिला चिकित्सालय में उसकी मौत हो गई।


मिली जानकारी के अनुसार सुरेशकुमार निवासी बुलंदशहर (उत्तरप्रदेश) ने गुरुवार शाम बटालियन स्थित बैरक में धारदार वस्तु से अपने बाएँ हाथ की कलाई की नस काट ली। बटालियन में कार्यरत अन्य जवानों को शाम करीब 7 बजे वह बेहोशी की हालत में पड़ा दिखा। वे उसे जावरा के सरकारी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रतलाम भेजा गया। बटालियन के सूबेदार रोहितकुमार व अन्य जवान उसे रात करीब सवा आठ बजे जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन रात करीब 9 बजे उनकी मृत्यु हो गई। बटालियन के जवानों ने उसके परिजन को फोन से सूचना दी।


कुछ दिन पहले ही जावरा आया था

सुरेशकुमार के साथ आए जवान आपस में चर्चा कर रहे थे कि सुरेश मिलनसार था। छह माह से वह जबलपुर अटैच था और कुछ दिन पहले ही वह जावरा आया था। दो-तीन दिन पहले ही पुनः जबलपुर जाने के लिए उसे रिलीव किया गया था, लेकिन वह जबलपुर नहीं गया। शाम को उसने कब नसें काट ली किसी को पता ही नहीं चला। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।