• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: श्रीनगर (भाषा) , बुधवार, 27 मई 2009 (21:57 IST)

श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन, तीन घायल

श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन, तीन घायल -
श्रीनगर में एक युवक की मौत के बाद लगातार दूसरे दिन हिंसक विरोध प्रदर्शन में तीन और लोगों के घायल होने पर अधिकारियों ने बुधवार को तीन प्रमुख अलगाववादी नेताओं को नजरबंद कर दिया और शहर के अधिकांश अंदरूनी इलाकों में निषेधाज्ञा लगा दी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि युवकों के समूह नारेबाजी करते हुए एक दर्जन से अधिक स्थानों पर सड़कों पर निकल आए और पथराव किया। पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों ने भीड़ को खदेड़ा। हालाँकि श्रीनगर के अधिकांश व्यावसायिक हिस्सों में आम जनजीवन ठहर गया।

उन्होंने बताया कि आज कई घंटों तक हुए झड़प में तीन व्यक्ति घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी है और उसे सौरा चिकित्सा संस्थान में भर्ती कराया गया है। वह ख्वाजा बाजार में घायल हुआ। उसकी पहचान जावेद अहमद के रूप में की गई है।

गौरतलब है कि शहर के व्यावसायिक इलाके में कल हिंसा भड़क उठी। ईदगाह के गंदेरपोरा इलाके के आरिफ अयूब बट नाम के 22 वर्षीय एक युवक की मौत पर हिंसा भड़की। शुक्रवार को राजौरी कदल में आजादी समर्थक एक प्रदर्शन के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।