Last Modified: पुणे ,
शुक्रवार, 3 अगस्त 2012 (11:27 IST)
पुणे विस्फोट : दयानंद पाटिल पर शंका
FILE
पुणे धमाके के चश्मदीद रहे दयानंद पाटिल पर इस धमाके को अंजाम देने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है। धमाके की जांच कर रहे महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते से जुडे़ सूत्रों ने बताया है कि इस धमाके के पीछे पाटिल का हाथ हो सकता है।
सूत्रों ने इस धमाके के पीछे हिंदू आतंकवादी संगठनों का हाथ होने की आशंका भी व्यक्त करते हुए बताया कि पुलिस इस वारदात के बाद जब्त की गई सीसीटीवी फुटेज की भी सभी कोणों से जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि इस धमाके के जरिए दक्षिणपंथी संगठनों का लक्ष्य रक्षाबंधन के पर्व की पूर्व संध्या पर शहर में अफरा-तफरी के माहौल को जन्म देने का रहा होगा।
इस मामले की प्रारंभिक जांच के बाद एटीएस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पाटिल के इस धमाके में घायल हो जाने के बाद उसे सासून अस्पताल में दाखिल कराया गया। एटीएस ने इस बाबत पाटिल की पत्नी से भी पूछताछ की है।
उल्लेखनीय है कि पुणे की व्यस्ततम जंगल महाराज रोड पर बुधवार को हुए चार सिलसिलेवार बम धमाकों में तीन व्यक्ति घायल हो गए थे। विस्फोटकों की तीव्रता अधिक नहीं होने से जान माल का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ था। (वार्ता)