• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. मप्र-छग
Written By वार्ता

मध्यप्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश

मध्यप्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश -
मध्यप्रदेश में ऊपरी हवा में चक्रवात की स्थिति बनने से राज्य के अनेक क्षेत्रों में बुधवार से हो रही बारिश के कारण मौसम में ठंडक व्याप्त हो गई है और कई इलाके सर्द हवाओं की गिरफ्त में हैं।

मौसम विभाग भोपाल के केन्द्र निदेशक डीपी दुबे ने बताया कि राज्य में ऊपरी हवा में चक्रवात की स्थिति बनने से मावठे की बारिश हो रही है। हालाँकि यह सिस्टम अब गुजरात की तरफ बढ़ रहा है लेकिन प्रदेश में शुक्रवार तक कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने की संभवना है।

पिछले 24 घंटों में राज्य में सर्वाधिक 26 मिलीमीटर वर्षा रीवा में दर्ज की गई है। इसके अलावा जबलपुर, पन्ना, दमोह आदि क्षेत्रों के अलावा हलकी-फुलकी बारिश अनेक क्षेत्रों में हो रही है।

राजधानी भोपाल में भी सुबह बारिश की बौछारें गिरीं और कई क्षेत्रों में पानी बहने लगा। यहाँ 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम एवं कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि यह बारिश रबी की फसल के लिए फायदेमंद है। राज्य में गत मानसून में जहाँ कम वर्षा हुई थी वहाँ यह बारिश वरदान साबित हो रही है।