महिंद्रा सत्यम बढ़ाएगी कर्मचारियों की संख्या
हैदराबाद। आईटी कंपनी महिंद्रा सत्यम अगले दो साल में ऑस्ट्रेलिया में अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर 5000 करेगी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। फिलहाल कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 1600 है।ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के परिचालन का प्रभार संभालने वाले बॉबी गुप्ता का कहना है कि यह क्षेत्र अभी महिंद्रा सत्यम के वैश्विक राजस्व में 8 फीसदी का योगदान कर रहा है। टेक महिंद्रा के साथ विलय के बाद इसके बढ़कर 10 प्रतिशत पर पहुंच जाने की उम्मीद है।पश्चिम एशिया तथा उत्तरी अफ्रीका (मेना) परिचालन के प्रमुख बॉबी गुप्ता को हाल में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के परिचालन का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वहीं सिस्को सिस्टम्स में रहे जीबी कुमार को मेना परिचालन का प्रमुख नियुक्त किया गया है।गुप्ता ने कहा, ऑस्ट्रेलिया में हमारा मजबूत आधार है। अभी यहां हमारे कर्मचारियों की संख्या 1600 है। दो साल में हम इसे 5000 तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमने ऑस्ट्रेलिया में नए और अनुभवी लोगों की नियुक्ति शुरू कर दी है। (भाषा)