• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 30 मई 2011 (12:03 IST)

प्याज निर्यात 31 प्रतिशत घटा

भारतीय प्याज निर्यात
फसल को नुकसान तथा निर्यात पर प्रतिबंध के चलते भारत का प्याज निर्यात 2010-11 में लगभग 31 प्रतिशत घटकर 1.28 करोड़ टन रह गया। भारत ने 2009-10 में कुल मिलाकर 1.87 करोड़ टन प्याज का निर्यात किया था।

सूत्रों ने बताया कि 2010-11 में पिछले साल अक्टूबर-नवंबर के दौरान महाराष्ट्र तथा गुजरात क्षेत्र में बेमौसमी बारिश से फसल को हुए नुकसान का असर भी निर्यात पर रहा। रही-सही कसर सरकार के निर्यात प्रतिबंध ने पूरी कर दी। घरेलू बाजार में कीमतों में उछाल को देखते हुए सरकार ने दिसंबर, 2010 में निर्यात को प्रतिबंधित कर दिया था। निर्यात पर प्रतिबंध 17 फरवरी, 2011 तक लागू रहा।

नाफेड के सूत्रों का कहना है कि प्याज के निर्यात में बीते साल अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से ही गिरावट आने लगी थी जब महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र में बेमौसमी बारिश हुई। प्याज उत्पादन के लिहाज से यह प्रमुख क्षेत्र है।

प्रतिबंध से पहले भारत ने मुख्यत: खाड़ी देशों, श्रीलंका व मलेशिया को अप्रैल- नवंबर 2010-11 में 11.58 लाख टन प्याज का निर्यात किया था। (भाषा)