19 साल बाद लौटेगा 'हे बेबी' का मजा, साजिद नाडियाडवाला ने 'Heyy Babyy 2' का किया ऐलान, ऑस्ट्रेलिया में होगी शूटिंग
साल 2007 में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली और दर्शकों को लोटपोट करने वाली सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'हे बेबी' का सीक्वल अब जल्द ही बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रहा है। लगभग 19 साल के लंबे इंतजार के बाद मशहूर फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने आधिकारिक तौर पर 'हे बेबी 2' की घोषणा कर दी है।
खास बात यह है कि पहली फिल्म की तरह इसका सीक्वल भी ऑस्ट्रेलिया की खूबसूरत वादियों में शूट किया जाएगा। यह बड़ा ऐलान मुंबई स्थित 'नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट' के ऑफिस में हुआ। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स भारत दौरे के दौरान साजिद नाडियाडवाला से मिलने पहुंचे थे। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच एक ऐतिहासिक समझौते पर मुहर लगी।
साजिद नाडियाडवाला ने सिडनी बेस्ड प्रॉडक्शन कंपनी TEMPLE के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया में तीन बड़ी बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग का करार किया है। इन्हीं तीन फिल्मों में सबसे बड़ा आकर्षण 'हे बेबी 2' है। इस खास मौके पर साजिद नाडियाडवाला ने अपने पुराने अनुभवों को याद करते हुए कहा, ऑस्ट्रेलिया न केवल बेहद खूबसूरत है, बल्कि फिल्मों की शूटिंग के लिहाज से काफी अनुकूल और पेशेवर देश भी है।
उन्होंने कहा, 'हे बेबी' की शूटिंग के दौरान हमारे निर्देशकों, क्रू और कलाकारों को वहां जो सहयोग और प्यार मिला, उसने उस अनुभव को यादगार बना दिया था। अब भारत-ऑस्ट्रेलिया सह-उत्पादन संधि के तहत दोबारा वहां जाकर 3 फिल्मों की शूटिंग करने को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं।
वहीं, न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने इस साझेदारी की सराहना करते हुए कहा कि साजिद नाडियाडवाला जैसे दिग्गज फिल्म निर्माता का ऑस्ट्रेलिया लौटना उनके स्थानीय सिनेमा उद्योग, रोजगार और पर्यटन के लिए एक बड़ा सकारात्मक कदम है।
क्या फिर दिखेगी अक्षय, रितेश और फरदीन की तिकड़ी?
साल 2007 में रिलीज हुई 'हे बेबी' का निर्देशन साजिद खान ने किया था। फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, फरदीन खान, विद्या बालन और बोमन ईरानी मुख्य भूमिकाओं में थे। तीन बेफिक्र कुंवारे लड़कों और एक छोटी सी बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती इस कहानी ने दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ काफी भावुक भी किया था।
हालांकि, सीक्वल के ऐलान के साथ ही प्रशंसकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 'हे बेबी 2' में पुरानी स्टारकास्ट वापसी करेगी? फिलहाल, नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट की ओर से स्टारकास्ट और निर्देशक के नामों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि 2007 की 'हे बेबी' की मूल कहानी 1985 की मशहूर फ्रेंच फिल्म 'थ्री मेन एंड ए क्रैडल', 1987 की हॉलीवुड फिल्म 'थ्री मेन एंड ए बेबी' और 1990 की सुपरहिट मलयालम फिल्म 'थूवलस्पर्शम' से प्रेरित थी। अब देखना यह होगा कि 19 साल बाद आ रहा यह सीक्वल नए दौर के दर्शकों के लिए क्या नया और मजेदार कंटेंट लेकर आता है।

