Last Modified: बैतूल ,
रविवार, 8 जनवरी 2012 (00:50 IST)
महिलाओं के शरीर में आए बाबा सैलानी के सिपाही
जिले के इतिहास में पहली मर्तबा कलेक्टोरेट परिसर में महिलाओं के शरीर में बाबा सैलानी के सिपाहियों ने आकर चूनाहजूरी स्थित मजार तोड़ने की धमकी देने वाले दोषियों के नाम उजागर कर उन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इसे आस्था कहे या फिर अंधविश्वास। लेकिन यह वाक्या शनिवार को कलेक्टोरेट परिसर में दो घंटे तक चलते रहा। बारी-बारी से चार महिलाओं के शरीर में बाबा के सिपाहियों की सवारी आते रही। महिलाओं के शरीर में सैलानी बाबा की सवारी आता देख यहां उपस्थित अधिकारी-कर्मचारी समेत तमाशबीन भी आश्चर्यचकित हो गए। कलेक्टोरेटे परिसर में जैसे-जैसे एक के बाद एक महिलाओं को सैलानी बाबा के सिपाहियों की सवारी आ रही थी वह अलग-अलग अंदाज में अपनी-अपनी लीला दिखा रही थी। कोई खुले बाल कर सिर जोर-जोर से हिला रही थी। तो कोई कुलाटी पर कुलाटी मार रही थी। इतना ही नहीं एक महिला तो जीभ बाहर निकालकर घुटनों के बल कभी चलती तो कभी दण्डवत हो जाती। ग्राम चूनाहजूरी के बाबा सैलानी दरगाह के खादिम राजेश साहू के नेतृत्व में कलेक्टोरेट पहुंची तुलसाबाई, फुलवाबाई, श्यामबाई एवं बुदिया बाई सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि बाबा की कृपा से प्रेतबाधा से ग्रसित व्यक्तियों को आराम मिलता है। इसके अलावा निःसंतान दम्पत्ति को संतान प्राप्ति होती है। बाबा की दरगाह पर दूर-दूर से लोग मुराद मांगने आते हैं।
चिचोली विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम चूनाहजूरी स्थित सैलानी बाबा की दरगाह को गांव के ही कुछ व्यक्तियों द्वारा नुकसान पहुंचाने षड़यंत्र रचा जा रहा था। ग्राम के आत्माराम भरेवा को कुछ ग्रामीण शराब पिलाकर उकसाने का कार्य कर रहे हैं जिससे कि वह दरगाह को उखाड़कर फेंक दे। आत्माराम द्वारा दरगाह तोड़ने संबंधी दरगाह के खादिम (पुजारी) राजेश साहू को धमकी भी दी जा चुकी है। इसी के विरोध में राजेश साहू के नेतृत्व में ग्राम की महिलाएं कलेक्टोरेट पहुंची थी।
सभी को हुआ आश्चर्य
अभी तक मंदिर, मजार अथवा दरगाह के समक्ष लोगों के शरीर में सवारी आते हुआ देखा व सुना था लेकिन शनिवार कलेक्टोरेट में ऐसा पहली बार हुआ कि शिकायकत कर्ताओं के शरीर में ही सवारी आ गई। महिलाओं के शरीर में सवारी किसकी आई थी यह तो ईश्वर जाने लेकिन सवारी आने के बाद उनके द्वारा जो अजीबो-गरीब लीला की जा रही थी वह जरुर आश्चर्य करने देने वाली थी।
वे बोले..
चूनाहजूरी की मजार को कुछ लोगों द्वारा नुकसान पहुंचाने का षड़यंत्र करने की शिकायत प्राप्त हुई है। ग्रामीण शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे थे। प्रशासन द्वारा आस्था और अंधविश्वास से परे जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी वह की जाएगी।