1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Heavy collision between bus and truck in Bahraich

UP: बहराइच में बस व ट्रक की जबर्दस्त भिड़ंत, 6 की मौत व 15 घायल

Bahraich
बहराइच (यूपी)। लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर बुधवार सुबह रोडवेज बस को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि 6 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि 15 यात्री घायल हो गए हैं जिनमें से 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
 
यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र सिंह ने बताया कि हादसा सुबह 4.30 बजे के करीब हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने लखनऊ ईदगाह डिपो की रोडवेज बस को टक्कर मार दी। हादसा जरवल रोड थाना क्षेत्र के घाघरा घाट के समीप हुआ। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरवल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया।
 
जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। बस लखनऊ से रूपैडिहा जा रही थी जबकि ट्रक बहराइच से लखनऊ जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रक ड्राइवर वाहन समेत मौके से फरार हो गया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक की तलाश में जुटी है। पुलिस आसपास के ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है ताकि ट्रक की पहचान की जा सके।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
Petrol Diesel Prices : कच्‍चे तेल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं, जानिए देश के महानगरों में क्या हैं दाम?