1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. 9 candidates announced by BJP in UP Legislative Council elections

उत्तरप्रदेश विधान परिषद चुनाव : भाजपा ने मौर्य सहित 9 प्रत्याशियों की घोषणा की

Uttar Pradesh Legislative Council election
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तरप्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित 9 प्रत्याशियों की घोषणा की। नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी प्रत्याशियों की सूची में केशव प्रसाद मौर्य, चौधरी भूपेंद्र सिंह, दयाशंकर मिश्र दयालु, जेपीएस राठौर, नरेंद्र कश्यप, जसवंत सैनी, दानिश आजाद अंसारी, बनवारी लाल दोहरे और मुकेश शर्मा के नाम शामिल हैं।
 
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह का विधान परिषद सदस्य का कार्यकाल 6 जुलाई को समाप्त हो रहा है जबकि सहकारिता मंत्री राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, आयुष राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।
 
इसमें से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 2022 के विधानसभा चुनाव में कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन समाजवादी पार्टी की पल्लवी पटेल से चुनाव हार गए थे। सूची में शामिल मुकेश शर्मा भाजपा महानगर लखनऊ के अध्यक्ष हैं।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश विधान परिषद की 13 सीटों के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कार्यालय के मुताबिक 9 जून तक नामांकन दाखिल होंगे जबकि 10 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 13 जून नामांकन वापसी की आखिरी तारीख होगी, वहीं जरूरत पड़ी तो 20 जून को सुबह 9 से शाम 4 बजे के बीच मतदान होगा। उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।
अगला लेख
लालू यादव ने स्वीकार किया अपराध, 6000 का जुर्माना