• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. JP Nadda in Uttar Pradesh
Written By अवनीश कुमार
Last Updated : शुक्रवार, 4 फ़रवरी 2022 (21:59 IST)

सपा राज में वापस होते थे आतंकवादियों के मुकदमे - जेपी नड्डा

सपा राज में वापस होते थे आतंकवादियों के मुकदमे - जेपी नड्डा - JP Nadda in Uttar Pradesh
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में हो रहा विधान सभा चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है। यह चुनाव यूपी के विकास में लंबी छलांग लगाने का चुनाव है। जनता जानती है कि सपा सरकार में माफियाराज और गुंडाराज होता था यहां तक आतंकवादियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे भी वापस होते थे। हालांकि जनता का जिस प्रकार समर्थन मिल रहा है उससे यह तय है कि विकास एक बार फिर जीत दर्ज करेगा।
 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भोगनीपुर उम्मीदवार राकेश सचान के प्रचार में आयोजित जन सभा में कहा कि सपा और गुंडागर्दी ये तो पर्यायवाची हैं। जब भी सपा सरकार रही वहां माफियाराज ही रहा है। खनन माफिया और अपहरण माफियाओं का राज रहा। यही वजह है कि आज सपा के प्रत्याशी या तो जेल से चुनाव लड़ रहे हैं या बेल पर रहकर चुनाव लड़ रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियां ये कहती हैं कि हम ये करेंगे। लेकिन सिर्फ भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो छाती ठोक कर कहती है कि ये मेरा रिपोर्ट कार्ड है। हमने जो कहा था वो किया है। भारत की राजनीति में रिपोर्ट कार्ड लाने की संस्कृति का काम हमारे नेता मोदी जी ने किया है।
 
वहीं, दूसरी राजनीतिक पार्टियां अपनी जाति, वर्ग विशेष की बात करेंगी, कभी समाज को तोड़ने की बात करेंगे, लेकिन लोगों के सामने ये नहीं कहेंगे कि उन्होंने समाज और देश के लिए क्या किया। इसलिए एक बार मैं फिर कहना चाहता हूं कि यह चुनाव किसी को विधायक बनाने का नहीं है, न ही किसी राजनीतिक पार्टी को सरकार बनाने का है।
 
यह चुनाव आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के विकास की यात्रा में एक लंबी छलांग लगाने का चुनाव है। इस बार का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश को माफिया से बचाने का चुनाव है।
ये भी पढ़ें
मथुरा में सीएम योगी की सभा में उमड़ी भीड़, भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ FIR