गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. Chief Minister Yogi said, the victory of Uttar Pradesh is the result of the unwavering faith of the people in the policies of Prime Minister Modi
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 11 मार्च 2022 (00:33 IST)

उत्तर प्रदेश की जीत मोदी की नीतियों में जनता के अटूट विश्वास का नतीजा : योगी

उत्तर प्रदेश की जीत मोदी की नीतियों में जनता के अटूट विश्वास का नतीजा : योगी - Chief Minister Yogi said, the victory of Uttar Pradesh is the result of the unwavering faith of the people in the policies of Prime Minister Modi
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की भारी जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक कल्याणकारी नीतियों पर आमजन के अटूट विश्वास की मुहर बताया है। उन्होंने इस जीत का श्रेय पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह, वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के कुशल मार्गदर्शन को भी दिया है।

योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मतगणना में पार्टी की सफलता के बाद एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए इन नेताओं का अभार जताया। एक ट्वीट में योगी ने कहा, सुशासन, सुरक्षा और राष्ट्रवाद को समर्पित आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हृदयस्पर्शी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित हुई है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, यह प्रचंड बहुमत प्रधानमंत्री जी की लोक कल्याणकारी नीतियों पर आमजन के अटूट विश्वास की मुहर है। उन्होंने शाह का आभार जताते हुए कहा, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की ऐतिहासिक विजय माननीय गृहमंत्री अमित शाह जी के ऊर्जावान मार्गदर्शन, कुशल रणनीति का प्रतिफल है। आपके मार्गदर्शन में हम 'सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास' के मंत्र के अनुरूप लोक कल्याण के पथ पर सतत बढ़ते रहेंगे।

उन्होंने इस सफलता के पार्टी अध्यक्ष नड्डा का धन्यवाद करते हुए कहा, उप्र में भाजपा गठबंधन को मिला प्रचंड बहुमत माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के ऊर्जावान तथा लोक कल्याणकारी मार्गदर्शन का सुफल है। यह विजय लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आमजन के विश्वास को दृढ़ता प्रदान करेगी। सभी को बधाई।

उन्होंने इस जीत का श्रेय रक्षामंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह को भी देते हुए कहा, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश की जीत माननीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह जी के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है। प्रदेश की उन्नति और जन अपेक्षाओं की पूर्ति में आपका सहयोग हमारे लिए बड़ा संबल रहा है। आपका हार्दिक अभिनंदन।

उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव पर भी जीत का सेहरा बांधा और ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन के विराट 'विजय पथ' के निर्माण में भाजपा के मा. प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह जी के साथ-साथ अनेक माननीय गणों के मार्गदर्शन का विशिष्ट योगदान है। आप सभी के कुशल और ओजस्वी मार्गदर्शन में सुशासन को प्रदेश में प्रचंड बहुमत प्राप्त हुआ है। सभी को बधाई।(भाषा) 
ये भी पढ़ें
UP, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा में BJP तो पंजाब में AAP की रिकॉर्डतोड़ जीत