राहुल महाजन ने की डिंपी की पिटाई
अंग्रेजी समाचार पत्र 'मुंबई मिरर' में प्रकाशित एक सनसनीखेज खबर पर यकीन किया जाए तो राहुल महाजन की वैवाहिक जिंदगी एक बार फिर बेपटरी हो गई है और उनकी दूसरी पत्नी डिंपी गांगुली ने मारपीट के बाद घर छोड़ दिया है। अखबार ने राहुल महाजन की पत्नी डिंपी की कई तस्वीरें भी प्रकाशित की हैं, जिसमें उनके शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान हैं। डिंपी के हाथों, घुटने में पिटाई के निशान है जबकि मुँह भी सूजा हुआ है।खबरों के मुताबिक डिंपी ने गुरुवार की रात साढ़े तीन बजे राहुल का घर छोड़ दिया था। हुआ ये था कि रात में डिंपी के मोबाइल पर कोई एसएमएस आया था। चूँकि की-पैड लॉक था, लिहाजा राहुल इस संदेश को पढ़ नहीं पाए और उन्होंने डिंपी को जगाकर आधी रात को आए इस एसएमएस के बारे में पूछा।डिंपी ने कहा कि मुझे सोने दो लेकिन राहुल नाराज हो गए और उन्होंने डिंपी की पिटाई शुरु कर दी। डिंपी ने भी राहुल को मारा। रात साढ़े तीन बजे डिंपी राहुल के घर से निकल गई और एक दोस्त के घर पहुँच गई। बाद में डिंपी के पिता भी कोलकाता से आए।राहुल ने एक रियलिटी टीवी शो (राहुल दुल्हनिया ले जाएँगे) के जरिये कोलकाता की रहने वाली डिंपी गांगुली से विवाह किया था। इससे पहले राहुल की शादी श्वेता से हुई थी लेकिन मारपीट की वजह से दोनों में तलाक हो गया था।FILEबताया जाता है कि पिछले डेढ़ महीने से राहुल और डिंपी के संबंधों में काफी खटास आ गई थी। राहुल को डिंपी का कोलकाता जाकर सेकंड ईयर की पढ़ाई करना पसंद नहीं था। यही कारण है कि धीरे-धीरे दूरियाँ बढ़ती गई और नौबत मारपीट तक आ पहुँची। इस पूरे प्रकरण में जब राहुल महाजन से बात की तो उन्होंने इन तमाम आरोपों को नकार दिया। उनका कहना था कि इसमें सच्चाई नहीं है और गुरुवार को मैंने डिंपी के पापा के साथ रात्रिभोज लिया। राहुल भले ही इस आरोप को नकारे लेकिन 'मुंबई मिरर' में पिटाई के बाद प्रकाशित डिंपी की तस्वीरें कुछ और ही बयाँ कर रही है। सनद रहे कि राहुल और डिंपी का विवाह इसी वर्ष मार्च में हुआ था।भाजपा के कद्दावर नेता स्वर्गीय प्रमोद महाजन के बेटे राहुल एक समय ड्रग के शिकार हो गए थे। ड्रग के कारण ही वे अपनी पहली पत्नी श्वेता की पिटाई करते रहते थे। कितने ताज्जुब की बात है कि राहुल और श्वेता 13 साल तक एक दूसरे को जानते थे, लेकिन इन दोनों की शादी केवल 15 महीने तक ही चली। अगस्त 2008 में राहुल महाजन और श्वेता का तलाक हो गया था। इसके बाद राहुल टीवी शो 'बिग बॉस' में आए और अपनी अच्छी छवि बताने की कोशिश करते रहे। बाद में टीवी शो के जरिये ही उन्हें कोलकाता की डिंपी मिली और उन्होंने धूमधाम से विवाह रचाया था।