नकल-तमाशे में अब भूत की बारी
अगली बार जब "इंडियन आइडल" टीवी पर आएगा, तो क्या उसमें कोई भूत भी होगा? यह सवाल इसलिए उठाया जा सकता है कि "इंडियन आइडल" पूरी तरह "अमेरिकन आइडल" की नकल है। नाचीज एक बार टीवी देखते हुए चैनल खंगाल रहा था कि एक विदेशी चैनल पर "इंडियन आइडल" का संगीत सुनकर चौंक गया। ठहरकर देखा तो सेट वही था, सेट का रंग वही था, मोनो तक वही था, थीम संगीत वही था, एंकर भी वैसे ही थे, जजेस भी वैसे ही बैठे थे। फर्क यह था कि वह कार्यक्रम अमेरिकन अँगरेजी में था और उस पर इंडियन आइडल की बजाय अमेरिकन आइडल लिखा था। कोई रेशा भी ऐसा भी नहीं था, जो इंडियन आइडल जैसा नहीं था। पहले केवल सुना था कि यह शो विदेशी शो की नकल है। देख लिया तो यकीन भी आ गया कि अरे हाँ ये तो एकदम वही है (या कहना चाहिए वो तो एकदम इस जैसा ही है)।आइए अब भूत की बात करें। खबर आई है कि अमेरिकन आइडल के प्रतियोगियों को भूत सता रहा है। उन लोगों ने भूत का नाम भी रख दिया है। भूत का नाम है फिलिस। जिस लड़की को भूत कथित रूप से सबसे ज्यादा सता रहा है, वो है एलिसन ल्राहेटा। पहली बात तो यह कि भूत जरूर अमेरिकन आइडल का शुभचिंतक है। भूत को पता है कि जब वह प्रतियोगियों को सताएगा, तो जरूर खबर बनेगी। फिर भूत किसी एक लड़की को सताएगा, तो शो की टीआरपी सातवें आसमान पर पहुँच जाएगी। दूसरी बात यह कि गोरे रंग वाले लोग भी भूत-पलीत पर बहुत विश्वास करते हैं। चौबीस घंटे विज्ञान थूकने वाला चैनल डिस्कवरी भी आधा घंटा भूत-पलीत की बकवास जरूर करता है।अमेरिकन आइडल की राई रत्ती नकल करने वाले इंडियन आइडल के लिए ये जरूरी हो जाता है कि टीआरपी बढ़ाने के लिए जो भी टोटके अमेरिकन आइडल करे, उसे अपना लिया जाए। प्रतियोगियों के बीच प्यार-मोहब्बत की बातों को बढ़ावा देना और अगर झगड़ा है तो उसे भड़काना भी अमेरिकन आइडल की नकल है। तो जब इतनी सारी नकल की है, तो अब क्यों नहीं करेंगे। सो टीवी देखने को नित्यक्रिया बना चुके लोगों को इंडियन आइडल में भूत देखने के लिए तैयार रहना चाहिए। प्रतियोगियों के बीच प्यार की अफवाहें और झगड़े बहुत हुए। अब मार्केट में भूत की जरूरत है। हो सकता है इस बीच इंडियन आइडल वाले भूत का नामकरण करने में उलझे हों। उधर भूत का नाम फिलिस है तो इधर फूलचंद हो सकता है। फूलचंद पुराने ढंग का नाम लगता है। भूत पुराना और लड़की नई... ये नहीं चलेगा। भूत का नाम आधुनिक तौर-तरीके का हो सकता है। क्या इंडियन आइडल वाले नकल से बचेंगे? या इस बार भी नकल जरूर करके मानेंगे? लोग गलत कहते हैं कि नकल में अकल की जरूरत होती है। दरअसल नकल ही तो ऐसी चीज है जो बिना अकल के की जा सकती है।