'जीते हैं...' से रेणुका की वापसी !
सुरभि कार्यक्रम की सूत्रधार रही रेणुका की मीठी मुस्कान दर्शकों के दिलोंदिमाग में दर्ज है। इन दिनों सोनी टीवी के सीरियल 'जीते हैं जिसके लिए' में रेणुका अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। दूरदर्शन के आरंभिक दौर और टीवी कार्यक्रमों की पैर पसारती भीड़ के बीच जिस शो ने गहरी छाप छोड़ी थी, उनमें सिद्धार्थ काक द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक मंजूषा सुरभि का नाम उल्लेखनीय था। इस शो की सूत्रधार रेणुका शहाणे ने अपनी मोहक मुस्कुराहट और प्रभावशाली संवाद कौशल के जरिए रातों-रात स्टार छवि अर्जित कर ली थी। अभिनेता आशुतोष राणा से शादी के बाद रेणुका एक्टिंग और टीवी जगत से कुछ समय के लिए दूर हो गईं। इस बीच राजश्री प्रॉडक्शन्स की मेगाहिट फिल्म 'हम आपके हैं कौन' में रेणुका ने भाभी की भूमिका निभाकर ख्याति अर्जित की। उन्हें कई फिल्मों के प्रस्ताव भी मिले, मगर रेणुका गृहस्थी में दिलचस्पी दर्शाती रहीं। अब नए सिरे उनकी छोटे परदे पर वापसी हुई है। सोनी टीवी के सीरियल 'जीते हैं जिसके लिए' में रेणुका अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं। सोमवार से गुरुवार सोनी चैनल पर रोज रात साढ़े दस बजे प्रसारित हो रहे सीरियल जीते हैं जिसके लिए में रेणुका ने अंजलि नामक युवती की दमदार भूमिका निभाई है। यह एक ऐसी लड़की की कहानी है, जिसकी परवरिश एक अनाथालय में होती है और जो एक संपन्न व्यक्ति से शादी के बाद नए सिरे से जीवन को सँवारने में लग जाती है। अचानक एक दिन यह जानकर उसे गहरा आघात पहुँचता है कि वह अपने जीवन में कभी भी माँ नहीं बन सकेगी। आधे घंटे के इस सीरियल ने अपने प्रसारण की शुरुआत से ही दर्शकों का ध्यान खींचा है और इसकी वजह से सोनी चैनल ने स्टार प्लस के पहले से स्थापित धारावाहिकों को चुनौती दी है। छोटे परदे पर अपनी वापसी से रेणुका उत्साहित हैं। उनके अनुसार सोनी चैनल के सुनील सिकंद ने उन्हें पुनः अभिनय की दुनिया में सक्रिय होने के लिए प्रेरित किया। वे कहती हैं- 'मैं फिलहाल फिल्मों की ओर नहीं देख रही। मेरा लक्ष्य छोटा परदा ही है।'