Last Modified: मथुरा ,
शनिवार, 5 जुलाई 2014 (08:06 IST)
वृंदावन में वृद्घा के साथ बलात्कार
FILE
मथुरा। उत्तरप्रदेश के मथुरा जनपद में तीन दिन पूर्व एक वृद्घ महिला से उसके पड़ोसी व्यक्ति द्वारा दुराचार किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का डॉक्टरी मुआयना कराया है, वहीं आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार आगरा के एक गांव की रहने वाली महिला (80) गत मंगलवार को वृंदावन के मंदिरों के दर्शन करने के इरादे से मथुरा आई थी। उसे बस स्टैंड पर ही गांव का एक युवक धीरेन्द्र शास्त्री मिल गया।
उसने वृद्घा से अपने साथ वृंदावन चलने का आग्रह किया। वृंदावन में युवक ने गोविंद घेरा इलाके में स्थित एक धर्मशाला में कमरा ले लिया और वहां अपना सामान रखकर दोनों बांकेबिहारी के दर्शन करने चले गए।
देर रात्रि जब वृद्घा सो गई तो उस व्यक्ति ने उसके साथ दुराचार किया और मौके से फरार हो गया। दूसरे दिन महिला वापस गांव लौटी और घरवालों को इसकी जानकारी दी। तब उसके घरवालों ने शुक्रवार शाम वृंदावन कोतवाली पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। (भाषा)