• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. who was himani narwal, found body in suitcase before haryana election
Last Modified: रविवार, 2 मार्च 2025 (16:15 IST)

कौन थीं हिमानी नरवाल? राहुल गांधी के साथ की थी भारत जोड़ो यात्रा, सूटकेस से मिला शव

himani narwal
Himani Narwal news in hindi : हरियाणा के रोहतक में महिला कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या से हड़कंप मच गया। कांग्रेस नेत्री  के हाथों पर मेहंदी लगी है जबकि कानों में छोटी-छोटी दो-दो बालियां मिली हैं। उनका शव सूटकेस से बरामद हुआ है। 
 
हिमानी विजय नगर स्थित अपने घर में अकेली रहती थी जबकि मां और भाई दिल्ली में रहते थे। हिमानी वैश्य लॉ कॉलेज से वकालत की पढ़ाई करने के साथ कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर काम करती थी। ALSO READ: सूटकेस में मिला महिला कांग्रेस नेता का शव, भूपिंदर हुड्‍डा ने उठाए सवाल
 
वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुई थीं। वह हरियाणा चुनाव में भूपिंदर हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के साथ काफी सक्रिय थीं।
 
क्या बोले सांपला डीएसपी : रोहतक के सांपला में डीएसपी रजनीश कुमार ने कहा कि कल पुलिस को सूचना मिली थी और जब हम मौके पर पहुंचे तो एक सूटकेस के अंदर एक लाश मिली थी। बाद में पता चला कि वह हिमानी नरवाल थी और वह विजय नगर की रहनी वाली थी। इस मामले में हम अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। SIT का गठन किया जा चुका है। सभी कार्य में लगे हुए हैं। ये यहां अकेली रह रही थी इसकी मम्मी और भाई दिल्ली में रहते हैं। हम जांच कर रहे हैं।
 
हिमानी की मां का बड़ा आरोप : हिमानी नरवाल की मां सविता ने बताया कि चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। इस वजह से उसने कुछ दुश्मन बना लिए। ये पार्टी से भी हो सकते हैं, उसके दोस्त भी हो सकते हैं। 28 फरवरी को वह घर पर थी...हमें पुलिस स्टेशन से (घटना के बारे में) फोन आया। मेरी बेटी आशा हुड्डा के बहुत करीब थी, जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता, मैं उसका अंतिम संस्कार नहीं करूंगी।
 
उन्होंने कहा कि मैं अपने बेटे को यहां से BSF कैंप ले गई। मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला। इसलिए, मैं उसे (दूसरे बेटे को) उसकी जान बचाने के लिए BSF कैंप ले गई। चुनाव के बाद, वह पार्टी से थोड़ा निराश हो गई थी। उसने कहा कि उसे नौकरी चाहिए और वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वह पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी। मैंने सुबह आशा हुड्डा को फोन किया था, लेकिन मेरा फोन रिसीव नहीं हुआ।
 
कांग्रेस ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग : हरियाणा के रोहतक में सूटकेस में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव मिलने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह बहुत ही दर्दनाक घटना है। हरियाणा में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में हरियाणा देश में नंबर 1 पर है। इस घटना की जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि मैं पुलिस कर्मियों के संपर्क में हूं, मैंने एसपी से भी बात की है। उन्हें उम्मीद है कि शाम तक उन्हें कुछ सुराग मिल जाएंगे। मैंने उनसे कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। जो भी हो, अगर वे दोषी हैं, तो वे दोषी हैं। चाहे पार्टी में कोई हो या बाहर का, दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
 
महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या पर हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनकी मां के आरोप गंभीर हैं। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते आए हैं। जल्दी तरक्की करने के लिए दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत है। पुलिस गहराई से इसकी जांच कर रही है। जो भी सच्चाई निकलेगी उसको अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
edited by : Nrapendra Gupta