1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. ex maharashtra CM ashok chavan joins BJP

महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल

ashok chavan
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण मंगलवार को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए। चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
 
चव्हाण (65) को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, पार्टी की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार और कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन की उपस्थिति में मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा में शामिल किया गया।
 
चव्हाण में भाजपा में शामिल होने से पहले कहा कि आज मेरे जीवन के नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है। जब चव्हाण से यह पूछा गया कि क्या उन्हें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कोई फोन किया, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया।
 
पूर्व कांग्रेस विधान पार्षद अमरनाथ राजुरकर और मराठवाड़ा में उनके गृह जिले नांदेड़ से चव्हाण के कई समर्थक मुंबई आए और दक्षिण मुंबई में भाजपा कार्यालय में एकत्र हुए।
 
पूर्व मुख्यमंत्री एस बी चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण (65) ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस छोड़ना उनका अपना फैसला है और उन्होंने अपने इस फैसले का कोई विशेष कारण नहीं बताया। महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी कुछ दिन पहले पार्टी छोड़ दी थी।
 
चव्हाण मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। वह 2014-19 के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख भी थे। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और वह नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं। 
Edited by : Nrapendra Gupta 
अगला लेख
Farmers Protest : लाल किला पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद