शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. खास खबर
Written By भाषा

निक्की हेली न्यूज वीक के आवरण पर

निक्की हेली न्यूज वीक के आवरण पर -
ND

अमेरिका के राजनीतिक गलियारे में तेजी से उभरती भारतीय मूल की अमेरिकी नेता निक्की हेली की तस्वीर लोकप्रिय पत्रिका ‘न्यूज वीक’ के आवरण पर छपी है, जिसे यहाँ राष्ट्रीय स्तर पर उनके बढ़ते कद का एक और संकेत माना जा रहा है।

पत्रिका के आवरण पृष्ठ पर उन्हें ‘नए दक्षिण का चेहरा’ बताया गया है। दक्षिण केरोलिना के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवार निक्की को पत्रिका के आलेख में जमीन से जुड़ी, आकर्षक, स्पष्ट और तेजी से बदलते दक्षिण क्षेत्र में रिपब्लिकन पार्टी का नया चेहरा बताया गया है।

गवर्नर पद के लिए नवंबर में होने वाले चुनाव में निक्की डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार विंसेट शेहीन के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। यदि वह जीत जाती हैं तो वह दक्षिण केरोलिना की पहली महिला गवर्नर और भारतीय मूल की दूसरी गवर्नर होंगी। गौरतलब है कि अमेरिका में भारतीय मूल के प्रथम गवर्नर बॉबी जिंदल (लुइसियाना प्रांत) हैं।

न्यूज वीक में बताया गया है, ‘अब वह (निक्की) दक्षिण केरोलिना की राजनीति में सबसे अधिक चर्चित शख्स हैं। यदि वह नवंबर में जीत हासिल कर लेती है, तो वह इस प्रांत की पहली महिला और प्रथम अश्वेत गवर्नर होंगी।’ जारी रिपब्लिकन पार्टी के प्राथमिक चुनाव में शिकस्त खाने वाले स्टेट अटार्नी जनरल हेनरी मैक मास्टर ने कहा है, ‘इस देश में कंजरवेटिव आंदोलन के लिए हमारे पास एक नई नेता हैं, जो इस वक्त दक्षिण केरोलिना में हैं।’

पत्रिका ने अपनी विरासत पर गर्व करने वाली हेली के हवाले से बताया है, ‘मुझे उम्मीद है कि ऐसे देश में जहाँ लोग भिन्न-भिन्न संस्कृतियों के हैं और अपने विचारों को लेकर जाने जाते हैं, वहाँ मुझे भारतीय महिला करार दिया जाना एक नई स्फूर्ति देगा।’

उधर, उनके डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी ने आरोप लगाया है कि वह प्रांत की तुलना में राष्ट्रीय मीडिया पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। (भाषा)