अमेरिकी मोटापे के शिकार
|
मंदी और मोटापे में भला क्या संबंध हो सकता है लेकिन भीषण आर्थिक मंदी की चपेट में आए अमेरिका के कार्यालयों में काम करने वाले लोग मंदी के कारण चिंता और निराशा में बीच-बीच में स्नैक्स खाने की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण मोटापे की समस्या से भी जूझ रहे हैं। स्नैक्स के कारण मोटापे से परेशान होने वालों में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या ज्यादा है।
अमेरिकी कार्यालयों में कराए गए सर्वे में दस में से एक अमेरिकी ने स्वीकार किया कि आर्थिक समस्याओं की चिंता के कारण वे दिन के समय काम के बीच बीच में पहले से कहीं ज्यादा हल्की फुल्की चीजें खा रहे हैं जबकि करीब आधे ने वजन बढ़ने की शिकायत की।
करीब 43 प्रतिशत कर्मचारियों ने बताया कि चिंता के कारण ज्यादा खाने से उनका वजन बढ़ा है जबकि एक-चौथाई ने हाल के दिनों मे अपना वजन 10 पौंड तथा छः प्रतिशत ने 20 पौंड से भी ज्यादा वजन बढ़ने की शिकायत की है।
सर्वेक्षण में शामिल दो-तिहाई लोगों ने बताया कि वे दिन में पहले से एक बार ज्यादा स्नैक्स खाने लगे हैं जबकि 24 प्रतिशत ने दो बार अधिक छिटपुट चीजें खाने की बात स्वीकार की।
सर्वेक्षण कराने वाली कंपनी के मानव संसाधन विभाग की उपाध्यक्ष रोसमैरी हैफनेर ने कहा- आर्थिक परेशानियों को लेकर बढ़ते तनाव और गैर स्वास्थ्यकारी आहार लेने के कारण कार्यालयों में वजन बढ़ना आम बात हो गई है।
